ओएसएम प्रणाली से जुड़े विवाद के बीच सिसोदिया ने सीबीएसई की मूल्यांकन प्रक्रिया पर सवाल उठाए

Ads

ओएसएम प्रणाली से जुड़े विवाद के बीच सिसोदिया ने सीबीएसई की मूल्यांकन प्रक्रिया पर सवाल उठाए

  •  
  • Publish Date - May 28, 2026 / 09:01 PM IST,
    Updated On - May 28, 2026 / 09:01 PM IST

नयी दिल्ली, 28 मई (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने बृहस्पतिवार को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ‘ऑन-स्क्रीन मार्किंग’ (ओएसएम) प्रणाली को लेकर उठे विवाद को लेकर सीबीएसई की आलोचना की।

सिसोदिया ने आरोप लगाया कि मूल्यांकन प्रक्रिया में अनियमितताओं के कारण छात्रों को परेशानी हो रही है। ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में सिसोदिया ने कहा कि कई छात्र और अभिभावक ‘सीबीएसई मूल्यांकन घोटाले’ से परेशान हैं और उन्होंने सवाल उठाया कि बच्चों का भविष्य क्यों प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि मूल्यांकन प्रक्रिया में कथित समस्याओं के कारण छात्रों की मेहनत व्यर्थ हो गई और अभिभावकों को अपने बच्चों की चिंताओं का जवाब देना मुश्किल हो रहा है।

ये टिप्पणियां ऐसे समय में आई हैं जब सीबीएसई को कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए शुरू की गई नई डिजिटल मूल्यांकन पद्धति को लेकर आलोचना का सामना करना पड़ रहा है, जिसमें छात्रों ने विसंगतियों और मूल्यांकन त्रुटियों का दावा किया है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस मामले की स्वतंत्र न्यायिक जांच और एक विशेष जांच दल द्वारा जांच कराए जाने की मांग की है।

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बृहस्पतिवार को आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि उसकी ओएसएम प्रणाली एक ‘सुरक्षित और मजबूत आईटी मंच’ है और इस बात पर जोर दिया कि वास्तविक मूल्यांकन पोर्टल में किसी भी तरह की खामी की सूचना नहीं मिली है।

भाषा संतोष माधव

माधव