जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में सड़क हादसा, पांच अमरनाथ तीर्थयात्रियों समेत छह लोग घायल
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में सड़क हादसा, पांच अमरनाथ तीर्थयात्रियों समेत छह लोग घायल
जम्मू, 18 जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में शनिवार तड़के एक सड़क दुर्घटना में अमरनाथ यात्रा पर जा रहे पांच श्रद्धालुओं सहित छह लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, श्रद्धालुओं का वाहन उस काफिले का हिस्सा था जिसमें 3,600 से अधिक श्रद्धालु जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए कश्मीर रवाना हुए थे। सभी श्रद्धालु पवित्र गुफा मंदिर में बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि सुबह करीब पांच बजे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाखानी के पास वाहन चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया, जिसके बाद वाहन सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराया।
इस हादसे में उत्तर प्रदेश के पांच श्रद्धालु और गांदरबल जिले का रहने वाला वाहन चालक घायल हो गया।
सभी घायलों को तत्काल सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी), उधमपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि हादसे के बाद जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने स्थिति की समीक्षा की। उपराज्यपाल ने उधमपुर के उपायुक्त मिंगा शेरपा और चिकित्सा अधिकारियों से फोन पर बात कर घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उन्हें सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मनोज सिन्हा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘आज सुबह उधमपुर के जाखानी के पास हुए दुर्भाग्यपूर्ण सड़क हादसे में घायल श्री अमरनाथजी यात्रा के श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी लेने के लिए उधमपुर के उपायुक्त और चिकित्सा अधिकारियों से बात की। उत्तर प्रदेश के पांच श्रद्धालु और गांदरबल का एक चालक घायल हुए हैं तथा उनका जीएमसी उधमपुर में उपचार हो रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि घायलों को हर संभव सहायता और सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे जल्द स्वस्थ हो सकें। मैं बाबा बर्फानी से सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कुशलता और यात्रा के सफलतापूर्वक संपन्न होने की प्रार्थना करता हूं।’’
भाषा शोभना वैभव
वैभव

Facebook


