हैदराबाद, 27 जुलाई (भाषा) नीदरलैंड की 36 वर्षीय एक महिला ने अपने प्रेमी के कमरे में साथ रहने वाले (रूममेट) एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर पर दुर्व्यवहार और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है, जिसके बाद उसके खिलाफ यहां मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
यह घटना कथित तौर पर इस साल मार्च में हुई थी, जब पेशे से नर्स महिला शहर में अपने प्रेमी से मिलने आई थी और उसके उस फ्लैट में ठहरी थी, जहां वह एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ रहता था।
डच महिला ने आरोप लगाया कि फ्लैट में रहने के दौरान प्रेमी के साथ रहने वाले उस व्यक्ति ने उसका पीछा किया, यौन उत्पीड़न किया और उसे गलत नीयत से छुआ।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बाद में महिला नीदरलैंड लौट गई और हाल ही में हैदराबाद वापस आने पर उसने 23 जुलाई को गचीबोवली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा कि आरोपी को एक नोटिस भी जारी कर दिया गया है।
भाषा
सुमित दिलीप
दिलीप