नयी दिल्ली, 17 मार्च (भाषा) कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मंगलवार को पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा को जवाबी पत्र लिखकर कहा कि उन्होंने संसद के अंदर व्यवधान और सदन के बाहर विरोध प्रदर्शन से जुड़ी उनकी चिंताओं का संज्ञान लिया है।
सोनिया गांधी ने उगादी पर्व की पूर्व संध्या पर देवेगौड़ा को शुभकामनाएं भी दीं।
सोनिया गांधी को संबोधित पत्र में देवेगौड़ा ने सोमवार को कहा था कि संसद और उसके परिसर में ‘‘बिना सोचे-समझे, जो अराजकता फैलाई गई है, उससे वह बहुत परेशान हैं। यह अराजकता मुख्य रूप से विपक्षी दलों द्वारा फैलाई गई है।’’
जनता दल (सेक्युलर) के नेता ने कहा, ‘‘मुझे दृढ़ता से लगता है कि विपक्ष के नेता के नेतृत्व में कांग्रेस सांसदों ने संसद के अंदर और उसके परिसर में अत्यधिक व्यवधान उत्पन्न किया है।’’
पत्र का जवाब देते हुए, सोनिया गांधी ने कहा, ‘‘प्रिय देवेगौड़ा जी, मुझे अभी आपका 16 मार्च 2026 का पत्र मिला है। मैंने इसे ध्यान से पढ़ा है और आपकी चिंताओं को संज्ञान में लिया है।’’
उन्होंने देवेगौड़ा के दो पन्ने के पत्र के संक्षिप्त उत्तर में कहा, ‘‘मैं उगादी की पूर्व संध्या पर आपको शुभकामनाएं देती हूं।’’
भाषा हक
हक दिलीप
दिलीप