मदुरै, 19 अगस्त (भाषा) तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी (टीएनसीसी) के अध्यक्ष मणिकम टैगोर ने प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया के खिलाफ दक्षिणी राज्यों से एकजुट होने का आह्वान किया है।
उन्होंने चेतावनी दी कि परिसीमन प्रक्रिया से दक्षिण भारत के राजनीतिक अधिकारों को नुकसान पहुंच सकता है।
टैगोर ने बुधवार को कहा, ‘‘दक्षिणी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को परिसीमन प्रक्रिया के खिलाफ एकजुट होना चाहिए, क्योंकि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा तैयार की जा रही नयी परिसीमन योजना के जरिए दक्षिण भारत के अधिकारों को छीनने की साजिश की जा रही है।’’
टैगोर ने यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए घोषणा की कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे के विरोध में तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी चेन्नई में प्रदर्शन करेगी।
उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन केंद्र सरकार द्वारा परिसीमन प्रक्रिया को आगे बढ़ाने और दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे युवाओं के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के विरोध में होगा।
तमिलनाडु सरकार की तीसरे बच्चे के जन्म पर मातृत्व अवकाश देने की घोषणा पर टैगोर ने इस कल्याणकारी कदम का स्वागत किया, लेकिन दो-बच्चों की नीति से हटने के फैसले पर मंत्रिमंडल से सावधानीपूर्वक विचार करने का आग्रह भी किया।
टैगोर ने कहा, ‘‘क्या तमिलनाडु सरकार ने इस बात पर विचार किया है कि हम दो-बच्चों की नीति से तीसरे बच्चे की नीति की ओर जा रहे हैं? यह एक महत्वपूर्ण कदम है, क्योंकि तमिलनाडु में परिवार नियोजन को 1970 के दशक से व्यवस्थित तरीके से लागू किया गया था। इसकी वजह से हम कई क्षेत्रों में सफल हो सके।’’
गौरतलब है कि राज्य सरकार की मातृत्व अवकाश संबंधी घोषणा के बाद कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा था, ‘‘मातृत्व अवकाश का स्वागत है, लेकिन पितृत्व अवकाश पर भी विचार किया जाना चाहिए। हालांकि, सरकार को परिवारों में तीसरे बच्चे को प्रोत्साहित नहीं करना चाहिए।’’
हाल में हिरासत में हुई मौतों पर चिंता जताते हुए कांग्रेस नेता टैगोर ने पुलिस सुधारों की मांग की। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था लागू करने वाली एजेंसियां ‘ब्रिटिश राज के तरीके’ से काम नहीं कर सकतीं और वैज्ञानिक प्रशिक्षण की जरूरत है।
टैगोर ने सुझाव दिया कि पुलिसकर्मियों पर काम के अत्यधिक दबाव को कम करने के लिए जांच संबंधी जिम्मेदारियों को सामान्य सुरक्षा कार्यों से अलग किया जाना चाहिए।
कावेरी नदी पर प्रस्तावित मेकेदातु बांध परियोजना का विरोध दोहराते हुए टैगोर ने कहा कि राज्य की कांग्रेस इकाई एक भी ईंट नहीं लगने देगी।
उन्होंने कर्नाटक सरकार से न्यायाधिकरण के निर्देशों के अनुसार कावेरी नदी का पानी जारी करने की अपील की, ताकि खड़ी फसलों को बचाया जा सके।
इसके अलावा उन्होंने तमिल मजदूरों की हालिया मौतों के मामले में कर्नाटक के वन अधिकारियों को तत्काल बर्खास्त करने और उनके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने पीड़ित परिवारों के लिए अधिक मुआवजे की भी मांग की।
इससे पहले दिन में टीएनसीसी प्रमुख ने स्वतंत्रता सेनानी सत्यामूर्ति की 139वीं जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की और पार्टी में नए सदस्यों को शामिल किया।
भाषा रवि कांत रवि कांत शफीक
शफीक