चंडीगढ़, 24 सितंबर (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के नेता मनीष सिसोदिया ने पंजाब में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी को लेकर बृहस्पतिवार को भाजपा नीत केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तीखा हमला किया और आरोप लगाया कि मोदी पंजाब को ‘‘परेशान’’ करने के लिए दिल्ली से ‘‘विशेष प्रकार के डकैत’’ लेकर आए हैं, जिन्हें ईडी अधिकारी कहा जाता है।
सिसोदिया ने आरोप लगाया कि मोदी यह समझ गए हैं कि भाजपा मतों के जरिये पंजाब नहीं जीत सकती इसीलिए वह ईडी के जरिये राज्य को ‘कब्जाना’ चाहते हैं।
ईडी ने मंगलवार को धन शोधन की जांच के तहत मोहाली में ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीएमएडीए) के कार्यालयों, आवास एवं शहरी विकास विभाग के प्रधान सचिव विकास गर्ग और दिल्ली की एक रियल्टी कंपनी के परिसरों में सर्वेक्षण एवं तलाशी अभियान चलाया था।
यह कार्रवाई बुधवार को भी जारी रही। इस दौरान ईडी अधिकारियों ने चंडीगढ़ में उस आवास की तलाशी ली, जहां दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन अक्सर ठहरते हैं। जांच एजेंसी ने लुधियाना के साहनेवाल में पंजाब के मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां के भतीजे के आवास पर भी तलाशी ली।
दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री सिसोदिया ने यहां मीडिया से बातचीत में प्रधानमंत्री मोदी को ‘‘तानाशाह’’ करार दिया और आरोप लगाया कि उन्होंने पंजाब के साथ ‘‘युद्ध’’ शुरू कर दिया है तथा दिल्ली से ‘‘विशेष प्रकार के डकैत’’ लेकर आए हैं, जिन्हें वे ईडी अधिकारी कहते हैं।
सिसोदिया ने आरोप लगाया, ‘‘वे (ईडी अधिकारी) मोदी जी के ‘भाड़े पर लाए गए डकैत’ हैं,’’ जिन्हें व्यापारियों, सरकारी अधिकारियों और ‘आप’ नेताओं को परेशान करने के लिए भेजा गया है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि राज्य में भाजपा के हालिया कार्यक्रमों जैसे ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की रैली को अपेक्षित जनसमर्थन नहीं मिल सका।
सिसोदिया ने आरोप लगाया, ‘‘मोदी जी समझ गए कि वोटों के जरिए पंजाब जीतना संभव नहीं है। पंजाब उन्हें वोट देने नहीं जा रहा है। वह यह बात समझ चुके हैं।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने पूरे राज्य में 4,000 ईडी अधिकारियों को तैनात कर दिया है।
छापेमारी को लेकर सिसोदिया ने दावा किया, ‘‘कोई नहीं जानता कि घोटाला क्या है। उन्हें एक नया पैसा भी नहीं मिला है और न ही भ्रष्टाचार से जुड़ा एक भी कागज हाथ लगा है।’’
सिसोदिया ने दावा किया कि आप एक पंजाब में एक ईमानदार सरकार चला रही है।
राज्य में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं।
भाषा प्रचेता पवनेश
पवनेश