कोच्चि, पांच मार्च (भाषा) अंगमाली में ‘हिट-एंड-रन’ की घटना में 19 वर्षीय लड़की की मौत के बाद आरोपी चिकित्सक को पकड़ने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
युवती के परिवार ने बाद में उसके अंग दान करने की सहमति दी थी।
एर्नाकुलम ग्रामीण पुलिस प्रमुख के.एस. सुदर्शन ने बृहस्पतिवार को यहां पत्रकारों को बताया कि गठित की गई विशेष टीम डॉ. सीरियाक की तलाश कर रही है।
डॉ. सीरियाक यहां 28 फरवरी को हुई ‘हिट-एंड-रन’ की घटना में कथित तौर पर शामिल थे।
एडवनक्कड़ निवासी जसलिया जॉनसन शाम करीब साढ़े सात बजे अंगमाली स्थित अपने छात्रावास में लौटते समय गंभीर रूप से घायल हो गई।
यहां एक निजी अस्पताल द्वारा तीन मार्च को लड़की को मस्तिष्कीय रूप से मृत घोषित किए जाने के बाद उसके माता पिता ने उसके यकृत, गुर्दे और आंखों के कॉर्निया दान करने की सहमति दी।
दुर्घटना के बाद से आरोपी के फरार रहने के कारण पुलिस की कथित निष्क्रियता के विरोध में बुधवार को मृतक के अंतिम संस्कार के बाद प्रदर्शन किए गए।
सुदर्शन ने बताया कि डॉ. सीरियाक के इडुक्की के एलप्पारा में छिपे होने की सूचना मिलने के बाद बुधवार रात को वहां छापेमारी की गई।
सुदर्शन ने कहा, ‘‘यह सच है कि उससे जुड़े लोगों के आवासों की तलाशी लेने के बाद भी हम आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सके। लेकिन हमने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज करने सहित कड़ी कार्रवाई की है। हमने दुर्घटना में शामिल वाहन बरामद कर लिया है।’’
उन्होंने कहा कि वाहन में दो व्यक्ति थे और चालक की पहचान करने में समय लगा।
उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन उस व्यक्ति की पहचान करने के तुरंत बाद सख्त कदम उठाए गए हैं। हमने आरोपी के लिए लुकआउट सर्कुलर जारी करने की पहल की है ताकि वह देश छोड़कर न जा सके।’’
भाषा यासिर वैभव
वैभव