उधमपुर में मवेशी तस्करी के आरोपी की मदद करने पर एसपीओ को सेवा से हटाया गया

Ads

उधमपुर में मवेशी तस्करी के आरोपी की मदद करने पर एसपीओ को सेवा से हटाया गया

  •  
  • Publish Date - April 4, 2026 / 10:11 PM IST,
    Updated On - April 4, 2026 / 10:11 PM IST

जम्मू, चार अप्रैल (भाषा) जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में मवेशियों की तस्करी करने के आरोपी व्यक्ति की मदद करने के आरोप में एक विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) को एसएसपी ने सेवा से हटा दिया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि उधमपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने शुक्रवार को एसपीओ शब्बीर खान को तत्काल सेवा से हटाने का आदेश दिया, क्योंकि जांच में पता चला कि वह मवेशी तस्करी के मामले में आरोपी व्यक्ति के साथ संवेदनशील जानकारी साझा कर रहा था।

अधिकारियों के अनुसार, जांच में पता चला कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम (पीसीए) की धारा 11 के तहत उधमपुर पुलिस थाने में दर्ज मामलों के संबंध में एसपीओ व्हाट्सएप के माध्यम से आरोपी को जानकारी मुहैया कराकर जांच चौकी पर जांच से बचने में मदद कर रहे थे।

अधिकारियों ने बताया कि व्हाट्सएप चैट और गवाहों के बयानों से एसपीओ की संलिप्तता साबित हुई।

भाषा संतोष दिलीप

दिलीप