एलपीजी की कमी को लेकर अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई : मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

Ads

एलपीजी की कमी को लेकर अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई : मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

  •  
  • Publish Date - March 15, 2026 / 07:34 PM IST,
    Updated On - March 15, 2026 / 07:34 PM IST

नयी दिल्ली, 15 मार्च (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एलपीजी की संभावित कमी के बारे में अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए रविवार को कहा कि इस तरह की गलत सूचना लोगों में अनावश्यक दहशत पैदा कर रही है।

गुप्ता ने बुधपुर के अपना घर आश्रम में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि केंद्र और दिल्ली सरकार दोनों ही एलपीजी की स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही हैं और आम नागरिकों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है।

उन्होंने कहा कि कुछ तत्व भ्रामक जानकारी फैलाकर भय पैदा करने और जमाखोरी को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहे हैं, जोकि राष्ट्रीय हित के विरुद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस तरह की गतिविधियों पर कड़ी नजर रख रही है और साथ ही चेतावनी दी कि गलत सूचना फैलाने या गलत काम में लिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति या संगठन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गुप्ता ने आम नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और अपनी दैनिक दिनचर्या जारी रखने की भी अपील की।

इससे पहले, दिन में मुख्यमंत्री बुधपुर में अपना घर आश्रम के 12वीं वर्षगांठ समारोह और रजत जयंती कार्यक्रम में शामिल हुईं, जहां उन्होंने बेसहारा और परित्यक्त लोगों की सेवा के लिए संगठन के कार्यों की प्रशंसा की।

भाषा रवि कांत दिलीप

दिलीप