नयी दिल्ली, एक मई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में इस सप्ताहांत होने वाले एक कैंसर सम्मेलन से पहले विशेषज्ञों ने कैंसर के इलाज के परिणामों में सुधार के लिए मजबूत अंतरराष्ट्रीय सहयोग, नवाचार और हर व्यक्ति के लिए अलग और खास उपचार की पद्धतियों की आवश्यकता पर शुक्रवार को जोर दिया।
नाइजीरिया के अबुजा स्थित ट्रस्ट चारिटोस अस्पताल के मुख्य चिकित्सा निदेशक इलिया कर्णिलियस सालू ने यहां प्रेसवार्ता में कहा, ‘‘कैंसर की देखभाल के लिए आज पहले से कहीं अधिक मजबूत वैश्विक सहयोग की आवश्यकता है, क्योंकि हमारे सामने आने वाली चुनौतियां तेजी से जटिल और सार्वभौमिक होती जा रही हैं।’’
एक बयान के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी में दो और तीन मई को ‘फोर्टिस कैंसर समिट’ का आयोजन होगा जिसमें भारत और 25 से अधिक देशों के कैंसर विशेषज्ञ और शोधकर्ता एक मंच पर आएंगे।
गुरुग्राम स्थित फोर्टिस मेमोरियल रिसर्च इंस्टीट्यूट के मेडिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के प्रधान निदेशक डॉ. नितेश रोहतगी ने कहा कि कैंसर के इलाज का भविष्य इस बात पर निर्भर है कि डॉक्टर मिलकर काम करें, नए तरीके अपनाएं और हर मरीज के लिए उसकी जरूरत के अनुसार इलाज तय करें।
इसी अस्पताल के एक अन्य डॉक्टर अंकुर बहल ने कहा कि कैंसर के इलाज का क्षेत्र बहुत तेजी से बदल रहा है और नई तकनीक और सटीक इलाज से बेहतर परिणाम मिल रहे हैं, लेकिन अब भी जरूरत है कि अनुसंधान को वास्तविक इलाज से बेहतर तरीके से जोड़ा जाए।
बयान के मुताबिक, इस सम्मेलन में जर्मनी, अमेरिका, ब्रिटेन, ओमान व नाइजीरिया आदि देशों से विशेषज्ञ शिरकत करेंगे।
भाषा नोमान नोमान शफीक
शफीक