पंजाबी बाग में कार से महिला को कुचलने के आरोप में उपनिरीक्षक गिरफ्तार

पंजाबी बाग में कार से महिला को कुचलने के आरोप में उपनिरीक्षक गिरफ्तार

पंजाबी बाग में कार से महिला को कुचलने के आरोप में उपनिरीक्षक गिरफ्तार
Modified Date: March 24, 2026 / 10:38 pm IST
Published Date: March 24, 2026 10:38 pm IST

नयी दिल्ली, 24 मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस के उस उपनिरीक्षक को गिरफ्तार किया गया है, जिसने अपनी एसयूवी कार से पश्चिमी दिल्ली के पंजाबी बाग इलाके में सड़क निर्माण स्थल पर काम कर रही 45-वर्षीय महिला मजदूर को कथित तौर पर कुचल दिया था। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान लकी के रूप में हुई है और वह रणजीत नगर थाने में तैनात है। वह दुर्घटना के बाद घायल महिला को अपनी कार में अस्पताल ले गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि यह घटना सोमवार देर रात करीब डेढ़ बजे नॉर्थ एवेन्यू रोड के पास वशिष्ठ कुमार गुल्ला मार्ग पर हुई, जहां सड़क निर्माण कार्य चल रहा था।

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता धर्मवती सड़क के बीचोंबीच सफाई कर रही थी, तभी कथित रूप से उपनिरीक्षक द्वारा चलाई जा रही स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) ने उसे कुचल दिया। पुलिस के अनुसार, उसे गंभीर चोटें आईं और उसे मोती नगर स्थित आचार्य भिक्षु अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

पंजाबी बाग थाने में दुर्घटना के संबंध में फोन कर सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और कानूनी कार्यवाही शुरू की।

पुलिस ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 (तेज रफ्तार से वाहन चलाना) और 106 (लापरवाही से मौत का कारण बनना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

इसने बताया कि दुर्घटना में शामिल एसयूवी को ज़ब्त कर लिया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया आरोपी घटना के समय शराब के नशे में नहीं पाया गया। पुलिस ने यह भी बताया कि चिकित्सा परीक्षण के लिए उसके रक्त का नमूना एकत्र कर लिया गया है।

अधिकारी ने कहा कि घटनाओं के क्रम के सटीक विवरण और इसमें शामिल किसी भी चूक का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।

भाषा नोमान

नोमान दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में