Sudhanshu Trivedi Rajya Sabha Speech: ‘वोट बैंक के लिए होता था केंद्रीय बलों इस्तेमाल’.. सुधांशु त्रिवेदी का विपक्ष पर करारा हमला, बताया जवानों के लिए क्या कर रही भाजपा सरकार?

Ads

'वोट बैंक के लिए होता था केंद्रीय बलों इस्तेमाल'.. सुधांशु त्रिवेदी का विपक्ष पर करारा हमला, Sudhanshu Trivedi Rajya Sabha Speech

  •  
  • Publish Date - March 30, 2026 / 05:47 PM IST,
    Updated On - March 30, 2026 / 09:06 PM IST

नई दिल्ली: Sudhanshu Trivedi Rajya Sabha Speech: राज्यसभा में सोमवार को भाजपा सदस्य सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि उसकी सरकारें अपने कार्यकाल के दौरान वोटबैंक को ध्यान में रखकर केंद्रीय बलों की तैनाती करती थी। उच्च सदन में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सामान्य प्रशासन) विधेयक पर हुई चर्चा में भाग लेते हुए त्रिवेदी ने यह भी आरोप लगाया कि 1990 के दशक तक चुनावों में धांधली होती थी। उन्होंने कहा कि इसी वजह से सुचारू चुनाव सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय बलों की तैनाती की जाने लगी। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि उसके बाद ही चुनाव में कांग्रेस की हार होने लगी।

Sudhanshu Trivedi Rajya Sabha Speech: त्रिवेदी ने कहा कि केंद्रीय बलों के कर्मियों के मनोबल पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारें राजनीतिक आधार पर बलों का दुरुपयोग करती थीं और वोट बैंक को नजर में रखकर इन बलों की तैनाती की जाती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकारें अपने कार्यकाल के दौरान केंद्रीय बलों को लेकर भी राजनीति करती थी और उसने कई ऐसे कदम उठाए जिससे केंद्रीय वालों के कर्मियों का मनोबल गिरा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में सीमा पर बाड़ नहीं होने के कारण घुसपैठ को रोक पाना मुश्किल हो रहा है।

भाजपा नेता ने कहा कि सरकार केंद्रीय बलों के कर्मियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने इन बलों को देश की सुरक्षा में मुख्य पंक्ति बताया और कहा कि इस सरकार ने उनका मनोबल बढ़ाने के साथ ही उनके कल्याण के लिए कई कदम उठाए हैं। त्रिवेदी ने कहा कि इन बलों में कर्मियों को प्रोन्नति के भी अवसर मिलते हैं और इस विधेयक के जरिए प्रोन्नति प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया है। भाजपा नेता ने विपक्षी दलों के सदस्यों से सवाल किया कि क्या विपक्ष शासित किसी राज्य में पुलिस महानिदेशक पद पर किसी गैर आईपीएस अधिकारी को नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा यह विधेयक किसी के खिलाफ नहीं है बल्कि इसमें समन्वय पर जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की पहल पर बलों के कर्मियों ने सात करोड़ पौधे लगाए हैं।

ये भी पढ़ें