तमांग ने 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की शुरुआत करने के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया

Ads

तमांग ने 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की शुरुआत करने के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया

  •  
  • Publish Date - April 28, 2026 / 03:15 PM IST,
    Updated On - April 28, 2026 / 03:15 PM IST

गंगटोक, 28 अप्रैल (भाषा) सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने मंगलवार को राज्य के 50वें राज्य स्थापना दिवस समारोह के समापन समारोह में शामिल होने और 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की शुरुआत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।

इन परियोजनाओं में अवसंरचना, कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, बिजली, शहरी विकास, पर्यावरण, पर्यटन और कृषि जैसे कई क्षेत्र शामिल हैं।

मुख्यमंत्री तमांग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘सिक्किम राज्य की स्थापना के 50 गौरवशाली वर्षों के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य समापन समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर, सांसद डी टी लेपचा और इंद्र हैंग सुब्बा के साथ शामिल होना मेरे लिए एक अद्वितीय सम्मान और अपार गर्व का क्षण था।’’

उन्होंने कहा, “इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने हेलेन लेपचा मेडिकल कॉलेज, मिनी सचिवालय, डोडक में पर्यावरण अनुकूल पर्यटन परिसर और नेताजी सुभाष चंद्र बोस उत्कृष्टता केंद्र के प्रशासनिक खंड सहित कई परिवर्तनकारी परियोजनाओं का उद्घाटन किया।”

तमांग ने कहा कि उन्होंने कई पहलों के लिए आधारशिला रखी जिसमें 100 बिस्तरों वाले आयुर्वेद अस्पताल, सिलनोन में पर्यावरण के अनुकूल तीर्थ परिसर, एक सार्वजनिक उपयोगिता केंद्र और मलजल शोधन प्रणाली के व्यापक पुनर्विकास जैसी कई अन्य योजनाएं शामिल हैं।

उन्होंने कहा, “ये ऐतिहासिक पहलें सिक्किम के बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य सेवा प्रणाली और स्थिरता प्रयासों को मजबूत करने में एक महत्वपूर्ण कदम हैं, जो हमारे लोगों के लिए एक उज्जवल, अधिक लचीले और समृद्ध भविष्य की मजबूत नींव रखती हैं।”

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के संबोधन और राज्य और उसके लोगों के प्रति उनके उदार शब्दों के लिए आभार जताया।

उन्होंने कहा, “जीवंत सांस्कृतिक कार्यक्रम की उनके द्वारा प्रशंसा, साथ ही सिक्किम की स्वच्छता और मनमोहक प्राकृतिक सुंदरता की उनके द्वारा सराहना, हम सभी के दिलों को छू गई।’’

भाषा अमित मनीषा

मनीषा