तमिलनाडु: पूर्व इसरो वैज्ञानिक अन्नादुरई के नेतृत्व में स्कूली पाठ्यक्रम पर विचार करेगी समिति

Ads

तमिलनाडु: पूर्व इसरो वैज्ञानिक अन्नादुरई के नेतृत्व में स्कूली पाठ्यक्रम पर विचार करेगी समिति

  •  
  • Publish Date - June 30, 2026 / 11:23 AM IST,
    Updated On - June 30, 2026 / 11:23 AM IST

चेन्नई, 30 जून (भाषा) तमिलनाडु सरकार ने राज्य बोर्ड के स्कूल पाठ्यक्रम में व्यापक बदलाव करने के लिए इसरो के पूर्व वैज्ञानिक डॉ. मायिलसामी अन्नादुरई की अध्यक्षता में एक नई विशेषज्ञ समिति का गठन किया है।

हाल ही में जारी सरकारी आदेश के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य राज्य के स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाना और पाठ्यक्रम को वैश्विक स्तर पर हो रहे आधुनिक विकास तथा तकनीकी प्रगति के अनुरूप अद्यतन करना है।

इसी के तहत समिति को मौजूदा पाठ्यक्रम को नए सिरे से तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि छात्र बदलती आधुनिक चुनौतियों और तकनीकी परिवर्तनों का प्रभावी ढंग से सामना करने के लिए बेहतर रूप से तैयार हो सकें।

सत्रह सदस्यीय इस समिति में शिक्षाविदों और शिक्षा विशेषज्ञों को शामिल किया गया है। डॉ. मायिलसामी अन्नादुरई की अध्यक्षता वाली इस समिति का कार्यकाल सरकारी आदेश जारी होने की तारीख से तीन वर्ष होगा।

सरकार ने राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) को भी आवश्यकता अनुसार उप-समितियां गठित करने की अनुमति दी है। ये उप-समितियां पाठ्यक्रम विकास, पाठ्यपुस्तकों में सुधार तथा अन्य आवश्यक शैक्षणिक गतिविधियों से संबंधित कार्य करेंगी।

भाषा शोभना वैभव

वैभव