तमिलनाडु चुनाव : द्रमुक का महिलाओं के लिए 8,000 रुपये का ‘इल्लैरसी’ कूपन योजना शुरू करने का वादा

Ads

तमिलनाडु चुनाव : द्रमुक का महिलाओं के लिए 8,000 रुपये का ‘इल्लैरसी’ कूपन योजना शुरू करने का वादा

  •  
  • Publish Date - March 29, 2026 / 08:36 PM IST,
    Updated On - March 29, 2026 / 08:36 PM IST

चेन्नई, 29 मार्च (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक)के अध्यक्ष एम के स्टालिन ने रविवार को 23 अप्रैल को होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों के लिए अपनी पार्टी का घोषणापत्र जारी किया, जिसमें महिलाओं को घरेलू इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदने/बदलने के लिए 8,000 रुपये मूल्य की ‘इल्लैरसी’ कूपन योजना शुरू करने की घोषणा की गई है।

स्टालिन ने द्रमुक के सत्ता में लौटने पर शिक्षा, उद्योग और कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में कई कल्याणकारी योजनाएं लागू करने का वादा किया। उन्होंने द्रमुक के चुनावी वादों को ‘सुपरस्टार’करार दिया।

द्रमुक अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं के लिए जारी किए गए कूपन का इस्तेमाल टीवी, रेफ्रिजरेटर, वाशिंग मशीन, मिक्सर, माइक्रोवेव ओवन, इंडक्शन स्टोव जैसे घरेलू उपकरण खरीदने या उन्हें बदलने के लिए किया जा सकता है।

स्टालिन ने कहा, ‘‘यह नयी ‘इल्लैरसी’ योजना लागू की जाएगी। इस योजना के तहत, उन परिवारों की महिलाओं को, जो आयकर के दायरे में नहीं आती हैं, उनके निवास स्थान के आस-पास की दुकानों से इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदने के लिए 8,000 रुपये का एकमुश्त कूपन प्रदान किया जाएगा।’’

तमिल में ‘इल्लैरसी’ का शाब्दिक अर्थ ‘घर की रानी’ होता है, और वास्तव में यह परिवार की महिला मुखिया को संदर्भित करता है।

उन्होंने महिलाओं, छात्राओं, किसानों और मछुआरों को लक्षित करते हुए कई कल्याणकारी उपायों की घोषणा करते हुए कहा,‘‘मैंने कुछ मुख्य बिंदुओं का उल्लेख किया है।’’

स्टालिन ने कहा, ‘‘तमिलनाडु चुनावों में आमतौर पर द्रमुक का चुनावी घोषणापत्र ‘हीरो’ होता है, लेकिन अब द्रविड़ मॉडल 2.0 का चुनावी घोषणापत्र ‘सुपरस्टार’ बन गया है।’’

उन्होंने भरोसा जताया कि 23 अप्रैल को होने वाले चुनाव में पार्टी नीत गठबंधन 234 में से 200 से अधिक सीट पर जीत दर्ज करेगा।

सत्तारूढ़ द्रमुक ने मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत उपचार की सीमा को 10 लाख रुपये करना (वार्षिक आय सीमा में वृद्धि के साथ), 50 वर्ष से अधिक आयु की बुजुर्गों, विधवाओं और अविवाहित महिलाओं के लिए पेंशन को बढ़ाकर 2,000 रुपये प्रति माह करने, कलैनार मगलीर उरुमई थोगई योजना के तहत मासिक अनुदान को दोगुना करके 2,000 रुपये करना और इस योजना के तहत नई पात्र महिलाओं को शामिल करने का वादा किया है।

द्रमुक ने मुख्यमंत्री नाश्ता योजना का विस्तार आठवीं कक्षा तक के छात्रों तक करने और मुफ्त बिजली प्राप्त करने वाले 20 लाख से अधिक किसानों को बिना मीटर के आधुनिक इलेक्ट्रिक पंप सेट निशुल्क उपलब्ध कराने सहित कई घोषणाएं की हैं।

भाषा धीरज दिलीप

दिलीप