तमिलनाडु: करूर में पार्टी को मजबूत करने के लिए टीवीके ने शुरू किया अभियान

Ads

तमिलनाडु: करूर में पार्टी को मजबूत करने के लिए टीवीके ने शुरू किया अभियान

  •  
  • Publish Date - March 14, 2026 / 06:44 PM IST,
    Updated On - March 14, 2026 / 06:44 PM IST

करूर (तमिलनाडु), 14 मार्च (भाषा) अभिनेता विजय के नेतृत्व वाली टीवीके ने करूर में पार्टी को मजबूती प्रदान करने के लिए ‘टारगेट करूर’ चुनाव अभियान शुरू किया है।

पार्टी ने 27 सितंबर, 2025 को करूर में विजय की चुनावी रैली में भगदड़ मचने से 41 लोगों की मौत के बाद ज्यादा सियासी सरगर्मी नहीं दिखाई थी। हालांकि बाद में धीरे-धीरे तमिलनाडु और पुडुचेरी के अन्य हिस्सों में रैलियां आयोजित करनी शुरू कर दी थीं।

टीवीके के संस्थापक विजय इस मामले में जांच का सामना कर रहे हैं और उन्हें पूछताछ के लिए तीसरी बार समन जारी किया गया है। उच्चतम न्यायालय की निगरानी में सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है।

तेरह मार्च को, करूर जिला सचिव वी पी मैथियाज़गन के नेतृत्व में टीवीके पदाधिकारियों ने करूर में द्रमुक के नेता और राज्य के पूर्व मंत्री वी सेंथिल बालाजी के गृह क्षेत्र कोडंगिपट्टी के मंदिरों में भगवान का आशीर्वाद लेने के बाद चुनाव अभियान शुरू किया।

पार्टी ने कहा कि ‘टारगेट करूर’ अभियान का उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव में टीवीके के लिए लोगों का समर्थन हासिल करके क्षेत्र में पार्टी को मजबूती प्रदान करना है।

भाषा जोहेब पवनेश

पवनेश