चेन्नई, 10 मई (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने रविवार को अपने चुनावी वादों के तहत बिजली, महिला सुरक्षा और नशा उन्मूलन से संबंधित तीन योजनाओं की शुरुआत की।
विजय की पार्टी टीवीके ने 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की और बहुमत का आंकड़ा (118 सीट) प्राप्त करने के लिए बाहरी समर्थन प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
विजय ने पदभार ग्रहण करने के बाद एक सरकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए जिसके तहत दो महीने के बिलिंग चक्र में 500 यूनिट तक बिजली का उपयोग करने वाले घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी।
इसके तहत महिलाओं में आत्मविश्वास जगाने और उनकी सुरक्षा बढ़ाने के लिए, पर्याप्त कर्मियों और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस ‘सिंगा पेन स्पेशल एक्शन फोर्स’ की स्थापना पूरे राज्य में की जाएगी।
‘सिंगा पेन’ का शाब्दिक अर्थ ‘शेरनी’ है, लेकिन आमतौर पर इसका प्रयोग एक बहादुर महिला के लिए किया जाता है।
राज्य सरकार द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस पहल से महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित शिकायतों पर त्वरित और उचित कार्रवाई संभव हो सकेगी।
इसी प्रकार, तमिलनाडु में मादक पदार्थ से संबंधित अपराधों पर अंकुश लगाने और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए कुल 65 ‘मादक पदार्थ रोधी कार्य बल’ इकाइयां स्थापित की जाएंगी।
प्रत्येक जिले में एक इकाई स्थापित की जाएगी जबकि शेष इकाइयां राज्य के नौ प्रमुख शहरों के पुलिस जिलों में स्थापित की जाएंगी।
भाषा अमित नरेश
नरेश