हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में बोर्ड परीक्षा के दौरान एक स्कूल में सामूहिक नकल, शिक्षक निलंबित

Ads

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में बोर्ड परीक्षा के दौरान एक स्कूल में सामूहिक नकल, शिक्षक निलंबित

  •  
  • Publish Date - March 14, 2026 / 06:36 PM IST,
    Updated On - March 14, 2026 / 06:36 PM IST

धर्मशाला (हिमाचल प्रदेश), 14 मार्च (भाषा) हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने शनिवार को बताया कि बोर्ड परीक्षाओं के दौरान सामूहिक नकल के सबूत मिलने के बाद कांगड़ा जिले में एक केंद्र अधीक्षक को निलंबित कर दिया गया है और पूरे परीक्षा केंद्र को तुरंत स्थानांतरित करने का आदेश दिया गया है।

कांगड़ा जिले के जवाली में पीएम श्री राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में यह कार्रवाई बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का पता चलने के बाद की गई है, जिसमें परीक्षा भवन के अंदर एक शिक्षक द्वारा छात्रों को मौखिक रूप से उत्तर बताने का वीडियो सबूत भी शामिल है।

बोर्ड के अध्यक्ष राजेश शर्मा ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि यह फैसला जवाली केंद्र से जुड़ीं विभिन्न शिकायतों और वीडियो सबूतों के आधार पर लिया गया है।

परीक्षा केंद्र को अब राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मत्लाहार में स्थानांतरित कर दिया गया है।

विद्यालय शिक्षा निदेशक ने केंद्र के अधीक्षक रवि भंडारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन का कारण सरकारी पद का दुरुपयोग, ईमानदारी बनाए रखने में विफलता और सरकारी कर्मचारी के अनुकूल आचरण का उल्लंघन बताया गया है।

भाषा जोहेब पवनेश

पवनेश