नयी दिल्ली, 28 मार्च (भाषा) दिल्ली के बाहरी इलाके में एक विवाह समारोह में खाने की व्यवस्था को लेकर हुए विवाद में चाकू से किये गए हमले में 17 वर्षीय एक किशोर की मौत और एक अन्य नाबालिग के घायल होने के मामले में चार नाबालिगों सहित पांच लोगों को पकड़ा गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना शुक्रवार रात करीब 11.15 बजे रानी बाग इलाके में घटी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान निखिल यादव के रूप में हुई, जो एक मोटर मैकेनिक था जबकि घायल की पहचान उसके मित्र सनी के रूप में हुई है।
सनी का उपचार किया जा रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि दोनों रोहिणी के निवासी थे।
पुलिस के अनुसार, विवाह समारोह में खाने-पीने की व्यवस्था को लेकर दो गुटों के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही हिंसक हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निखिल और सनी ने झगड़ा सुलझाने के लिए दोनों गुटों के बीच हस्तक्षेप करने की कोशिश की, तभी एक अन्य नाबालिग लड़के ने उन पर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार, दोनों लड़कों को गंभीर चोटें आईं और उन्हें तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने निखिल को मृत घोषित कर दिया।
निखिल के परिवार ने दावा किया कि बच्चों के बीच हो रही हाथापाई में हस्तक्षेप करने की कोशिश करते समय उसे गलती से लड़ाई में शामिल समझ लिया गया और इसी के चलते उस पर हमला किया गया।
निखिल के भाई विकास यादव ने बताया, ‘‘कल रात मेरा छोटा भाई रानी बाग में एक शादी में गया था। कुछ बच्चे आपस में लड़ रहे थे, इसलिए वह बीच-बचाव करने और मामला सुलझाने के लिए वहां गया। वहां छह-सात लड़के नशे में थे। उन्होंने स्थिति का गलत आकलन किया और सोचा कि वह बच्चों से लड़ रहा है।’’
विकास ने आरोप लगाया कि स्थिति तब और बिगड़ गई जब समूह ने निखिल पर हमला करना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा, ‘‘उनमें से एक ने चाकू निकाला और निखिल के पेट में वार कर दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।’’
पीड़ित के दोस्तों ने बताया कि उन्हें फोन पर घटना की सूचना मिली और वे तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।
निखिल के दोस्त राहुल ने बताया, ‘‘हम घर पर थे। हमारा दोस्त किसी की शादी में गया था, जहां शायद उसका किसी से झगड़ा हो गया। किसी ने हमें फोन पर सूचना दी कि निखिल की मौत हो गई है। एक अन्य सनी को चाकू मारा गया और उसे रानी बाग के महावीर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।’’
उन्होंने बताया कि निखिल 17 साल का था और बाइक मैकेनिक के रूप में काम करता था।
राहुल ने आरोप लगाया कि जब वह और अन्य लोग अस्पताल पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें वहां से चले जाने के लिए कहा।
इस बीच, पुलिस ने बताया कि एक अपराध जांच दल ने घटनास्थल का मुआयना किया और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य सबूत जुटाए।
मुख्य आरोपी और उसके साथी को पकड़ लिया गया और अपराध में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में संलिप्त सभी आरोपियों को पकड़ लिया गया है। इनमें से चार नाबालिग हैं जबकि एक बालिग है।
पुलिस ने बताया कि निखिल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और प्राथमिकी दर्ज करके आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।
भाषा धीरज संतोष
संतोष