दिल्ली के दयालपुर क्षेत्र में किशोर की चाकू घोंपकर हत्या, तीन नाबालिग पकड़े गए

दिल्ली के दयालपुर क्षेत्र में किशोर की चाकू घोंपकर हत्या, तीन नाबालिग पकड़े गए

दिल्ली के दयालपुर क्षेत्र में किशोर की चाकू घोंपकर हत्या, तीन नाबालिग पकड़े गए
Modified Date: March 26, 2026 / 08:21 pm IST
Published Date: March 26, 2026 8:21 pm IST

नयी दिल्ली, 26 मार्च (भाषा) उत्तर पूर्वी दिल्ली के दयालपुर इलाके में 16 वर्षीय लड़के की उसके घर के निकट चाकू घोंपकर इसलिए कथित रूप से हत्या कर दी गई, क्योंकि वह एक आरोपी को तंग किया करता था। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हत्या के संबंध में तीन नाबालिगों को पकड़ा गया है।

पीड़ित की मां ने दावा किया कि हमलावर उनके बेटे को जानते थे और उन्होंने उसे बहला-फुसलाकर बाहर बुलाया और फिर उस पर हमला किया।

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘तीन-चार लड़कों ने उसे बाहर बुलाया। जैसे ही वह बाहर आया, उन्होंने पहले उसे गले लगाया और फिर उस पर चाकू से कई बार वार किया।’

उन्होंने कहा, ‘उसने कभी किसी से झगड़ा नहीं किया। उसे बेवजह मार डाला गया।’ पीड़ित के पिता ने पुलिस से अपील की है कि आरोपी नाबालिगों पर वयस्कों की तरह मुकदमा चलाया जाए।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना बुधवार को तब हुई जब कुछ लोगों ने पीड़ित को घर के बाहर बुलाया।

अधिकारियों ने बताया कि इसके कुछ देर बाद वह अपने परिवार को घर के पास बेहोश मिला और उसे फौरन जगप्रवेश चंद अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शुरुआती जांच में पता चला है कि लड़के पर 13 से 17 साल की उम्र के तीन लड़कों ने हमला किया था। इस बाबत दयालपुर थाने में मामला दर्ज किया गया और बाद में आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस ने बताया कि अपराध में इस्तेमाल चाकू आरोपियों के पास से बरामद कर लिया गया है।

एक अधिकारी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि पीड़ित उनमें से एक को तंग किया करता था जिस वजह से कथित रूप से इस वारदात को अंजाम दिया गया।

पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल ले जाया गया है और इस संबंध में जांच जारी है।

भाषा नोमान नोमान देवेंद्र

देवेंद्र


लेखक के बारे में