(फाइल फोटो के साथ)
हैदराबाद, छह मार्च (भाषा) केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी ने शुक्रवार को तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी से यहां अंबरपेट में फ्लाईओवर के नीचे एक महत्वपूर्ण ‘सर्विस रोड’ के निर्माण के लिए लंबित भूमि अधिग्रहण को पूरा करने के लिए हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया।
उन्होंने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा कि फ्लाईओवर का उद्घाटन 2025 में हो गया था, लेकिन सर्विस रोड का काम अब भी अधूरा है, जिससे यात्रियों को असुविधा हो रही है।
सिकंदराबाद से लोकसभा सदस्य किशन रेड्डी ने बताया कि केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (एमओआरटीएच) ने हैदराबाद में यातायात की भीड़ को कम करने और यात्रा के समय को घटाने के लिए एनएच-163 पर अंबरपेट चौराहे पर 1.5 किलोमीटर लंबा चार लेन वाला फ्लाईओवर 265 करोड़ रुपये की लागत से बनाया है।
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इस फ्लाईओवर का उद्घाटन पांच मई, 2025 को किया था।
रेड्डी ने कहा, ‘‘चूंकि भूमि अधिग्रहण अभी तक पूरा नहीं हुआ है, इसलिए फ्लाईओवर के नीचे की सर्विस रोड अब भी अधूरी है, जबकि फ्लाईओवर का निर्माण और उद्घाटन हो चुका है। भूमि अधिग्रहण में देरी के कारण इस महत्वपूर्ण कॉरिडोर का उपयोग करने वाले यात्रियों को असुविधा हो रही है।’’
उन्होंने कहा कि ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) के आयुक्त से बातचीत करने और पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव एवं वर्तमान मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से कई बार अपील करने के बावजूद, भूमि अधिग्रहण का काम रुका हुआ है।
केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री से अधिकारियों को उचित कार्रवाई करने का निर्देश देने की अपील की ताकि संबंधित मुद्दे का समाधान हो सके।
भाषा राजकुमार मनीषा
मनीषा