हैदराबाद, 22 सितंबर (भाषा) तेलंगाना के भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को बताया कि उसने यहां निजाम्स इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एनआईएमएस) के अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है।
ब्यूरो ने उनके आवास और रिश्तेदारों तथा सहयोगियों से संबंधित ठिकानों पर की गई तलाशी के दौरान 6.13 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति का पता लगाया।
भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो ने एक बयान में बताया कि एन. लक्ष्मी भास्कर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि उन्होंने सेवा के दौरान ‘‘भ्रष्ट तरीकों और संदिग्ध साधनों’’ का इस्तेमाल करते हुए अपनी आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित की।
ब्यूरो ने बताया कि यह अपराध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (2018 में संशोधित) के तहत दंडनीय है। इसके तहत मंगलवार को भास्कर के आवास और उनके रिश्तेदारों, दोस्तों तथा अन्य सहयोगियों से संबंधित सात अन्य ठिकानों पर तलाशी ली गई।
ब्यूरो के अनुसार, तलाशी के दौरान आठ अपार्टमेंट, पांच भूखंडों से संबंधित दस्तावेज, 41 लाख रुपये की बैंक जमा राशि, डाकघर में 12 लाख रुपये की जमा राशि, निजी वित्तीय संस्थानों में 35 लाख रुपये का निवेश, म्यूचुअल फंड में 29.55 लाख रुपये का निवेश, करीब 517.8 ग्राम वजन के सोने के आभूषण, कई वाहन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिले।
ब्यूरो ने दावा किया कि संपत्तियों की कुल कीमत 6.13 करोड़ रुपये है। उसने कहा कि चल और अचल संपत्तियों का बाजार मूल्य दस्तावेजों में दर्ज मूल्य से कई गुना अधिक हो सकता है।
भाषा आशीष वैभव
वैभव