तेलंगाना: फार्महाउस में छापेमारी, ‘ड्रग’ लेने के आरोप में सांसद और पूर्व विधायक हिरासत में

Ads

तेलंगाना: फार्महाउस में छापेमारी, ‘ड्रग’ लेने के आरोप में सांसद और पूर्व विधायक हिरासत में

  •  
  • Publish Date - March 15, 2026 / 03:57 PM IST,
    Updated On - March 15, 2026 / 03:57 PM IST

हैदराबाद, 15 मार्च (भाषा) तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के नेता एवं आंध्र प्रदेश से सांसद पुट्टा महेश कुमार और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के नेता एवं पूर्व विधायक पायलट रोहित रेड्डी सहित छह लोगों को कथित रूप से नशीले पदार्थ का सेवन करने के मामले में हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

हैदराबाद के पास मोइनाबाद स्थित रोहित रेड्डी के स्वामित्व वाले एक फार्महाउस में नशीले पदार्थों का इस्तेमाल किए जाने की विश्वसनीय सूचना मिलने पर मादक पदार्थ कानून प्रवर्तन के लिए विशिष्ट कार्य बल (ईगल) ने स्थानीय पुलिस दलों के साथ समन्वय कर शनिवार रात वहां छापा मारा।

हिरासत में लिए गए लोगों में से एक व्यक्ति ने पार्टी के दौरान रिवॉल्वर से हवा में कथित तौर पर तीन गोलियां चलाईं।

पार्टी में शामिल हुए 11 व्यक्तियों की ‘यूरीन ड्रग टेस्टिंग किट’ के जरिए मौके पर ही जांच की गई और उनमें से रोहित शेट्टी समेत पांच लोगों के मादक पदार्थ का सेवन करने की पुष्टि हुई जबकि सांसद की जांच के परिणाम में इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

ईगल बल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इन सभी लोगों को अस्पताल ले जाया गया और दोबारा जांच किए जाने पर परिणामों ने पुष्टि की कि सांसद सहित छह लोगों ने नशीले पदार्थों का सेवन किया है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘सांसद की प्रारंभिक जांच में उनके मादक पदार्थ लेने की पुष्टि नहीं हुई थी लेकिन खून की जांच में इसकी पुष्टि हो गई।’’

यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि उन्होंने मादक पदार्थों का सेवन फार्महाउस परिसर में किया था या किसी अन्य स्थान पर किया था।

अधिकारी ने बताया कि पार्टी से दो ग्राम मादक पदार्थ बरामद किया गया है और उसे फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) भेजा गया है।

उन्होंने बताया कि यह पता लगाने के लिए जांच जारी है कि यह मादक पदार्थ कहां से लाया गया था।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस पार्टी में रियल एस्टेट कारोबारियों, व्यवसायियों तथा राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों का एक समूह शामिल हुआ था। पार्टी में शामिल लोगों में एक महिला भी शामिल थी।

पुलिस ने बताया कि हथियार को जब्त कर लिया गया है।

भाषा सिम्मी धीरज

धीरज