तेलंगाना : लुटेरों ने आभूषण की दुकान पर दिनदहाड़े गोलीबारी कर गहने लूटे

Ads

तेलंगाना : लुटेरों ने आभूषण की दुकान पर दिनदहाड़े गोलीबारी कर गहने लूटे

  •  
  • Publish Date - May 3, 2026 / 09:53 PM IST,
    Updated On - May 3, 2026 / 09:53 PM IST

हैदराबाद, तीन मई (भाषा) तेलंगाना के करीमनगर शहर में रविवार को दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने एक आभूषण की दुकान पर गोलीबारी कर वहां काम करने वाले चार कर्मचारियों को घायल कर दिया और सोने के गहने लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह वारदात पूर्वाह्न 11 बजे तब हुई, जब पांच बदमाश ग्राहक के भेष में दुकान में दाखिल हुए।

उसने बताया कि आरोपियों ने सोने के गहनों के बारे में पूछताछ की और बंदूक का भय दिखाकर लूटपाट करने की कोशिश की। पुलिस ने बताया कि कर्मचारियों द्वारा विरोध किये जाने पर उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें सेल्स मैनेजर और तीन अन्य कर्मचारी घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने लूटपाट को अंजाम देने से पहले चार राउंड गोलियां चलाईं।

पुलिस ने लूटपाट में शामिल संदिग्धों की तस्वीरें जारी कीं और उनकी गिरफ्तारी में सहायक जानकारी मुहैया कराने वाले को एक लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की।

करीमनगर के पुलिस आयुक्त गौश आलम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद संवाददाताओं को बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीम गठित की गई हैं।

पुलिस ने बताया कि चारों घायलों को करीमनगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। उसने बताया कि पीड़ितों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि अब तक एक किलोग्राम सोने के आभूषण की लूट होने की जानकारी मिली है, लेकिन कर्मचारी अब भी इसकी पुष्टि कर रहे हैं।

करीमनगर से लोकसभा सदस्य और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

संजय कुमार ने बाद में सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं घटना से कुछ मिनट पहले उसी इलाके में था और सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचा। यह घटना मेरे कार्यालय से कुछ मीटर की दूरी पर घटी।’’

कुमार ने कहा, ‘‘मैं करीमनगर के लोगों को आश्वस्त करता हूं कि दोषियों की पहचान की जाएगी और उन्हें जल्द से जल्द न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।’’

लूटपाट की वारदात में घायल एक कर्मचारी ने एक टीवी चैनल से बातचीत में कहा कि पूर्वाह्न करीब 11 बजे एक व्यक्ति दुकान में आया और 20 ग्राम की चेन और एक अंगूठी मांगी। उन्होंने बताया कि बाद में चार और लोग दुकान में दाखिल हो गए।

कर्मचारी के मुताबिक, ‘‘उन्होंने हथियार दिखाए, हमें धमकाया और घुटने टेकने को मजबूर किया। उन्होंने लॉकर की चाबियां मांगीं। हमने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने गोली चलाई और भाग गए।’’

भाषा धीरज दिलीप

दिलीप