नयी दिल्ली, एक मई (भाषा) महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने इस साल भारत की अध्यक्षता में ब्रिक्स महिला कार्य समूह की पहली प्रारंभिक बैठक (तैयारी बैठक) वर्चुअल माध्यम से आयोजित की।
अधिकारियों ने बताया कि यह बैठक 30 अप्रैल को आयोजित की गई, जिसमें महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास को बढ़ावा देने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता दोहराई गई।
मंत्रालय के अनुसार, बैठक में महिलाओं को आर्थिक विकास, सुशासन और सामाजिक परिवर्तन का प्रमुख चालक बताया गया।
बैठक में ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधियों के साथ भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के अधिकारी शामिल हुए। संयुक्त राष्ट्र महिला और ‘फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री’ (फिक्की) के प्रतिनिधियों ने भी इसमें हिस्सा लिया।
मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव कैरलिन खोंगवार देशमुख ने प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए चर्चा की शुरुआत की।
भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के विषय ‘लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण’ से प्रेरित होकर, बैठक में महिलाओं से संबंधित प्रमुख वैश्विक मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया गया। इन मुद्दों को चार प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में वर्गीकृत किया गया- जिनमें शासन और नेतृत्व में महिलाएं, वित्तीय और डिजिटल समावेशन, महिला उद्यमिता एवं कौशल विकास और जलवायु परिवर्तन, खाद्य सुरक्षा तथा पोषण में महिलाओं की भूमिका शामिल हैं।
मंत्रालय के एक बयान में कहा गया है कि ब्रिक्स के सदस्य देशों ने अपने संबोधन में भारत को अध्यक्षता के लिए बधाई दी और चिह्नित प्राथमिकता वाले क्षेत्रों के लिए समर्थन जताया।
बयान में कहा गया है कि ये चर्चाएं केरल के कोच्चि में आयोजित होने वाली ब्रिक्स महिला कार्य समूह की बैठक (6-7 जुलाई) और ब्रिक्स महिला मंत्रिस्तरीय बैठक (8-9 जुलाई) में अंतिम रूप दिए जाने वाले प्रमुख निष्कर्षों में योगदान देंगी।
भाषा संतोष पारुल
पारुल