खरगे ने वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़ाने के फैसले को लेकर केंद्र की आलोचना की

Ads

खरगे ने वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़ाने के फैसले को लेकर केंद्र की आलोचना की

  •  
  • Publish Date - May 1, 2026 / 04:23 PM IST,
    Updated On - May 1, 2026 / 04:23 PM IST

बेंगलुरु/कलबुर्गी, एक मई (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि करने के फैसले को लेकर शुक्रवार को केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि केंद्र मुद्रास्फीति को नियंत्रित रखने और मूल्य स्थिर रखने के पूर्व में किये गए अपने वादे को पूरा करने में विफल रहा है।

केंद्र ने शुक्रवार को 19 किलोग्राम के वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत में अब तक की सबसे बड़ी 993 रुपये की वृद्धि की। पश्चिम एशिया में संघर्ष के मद्देनजर वैश्विक ऊर्जा कीमतों में वृद्धि के कारण यह लगातार तीसरी मासिक वृद्धि है।

खरगे ने कर्नाटक के कलबुर्गी में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पहले कहा था कि कीमतें नहीं बढ़ाई जाएंगी और महंगाई को नियंत्रित रखने का भरोसा दिया था। उन्होंने कहा, ‘‘आज मैं हकीकत देख रहा हूं। ऐसा लगता है कि वे अपना वादा पूरा करने में असमर्थ हैं।’’

उन्होंने मोदी का समर्थन करने वाले लोगों की भी आलोचना की।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘मुझे जनता की राय समझ नहीं आती। लोग अब भी ऐसी नीतियों या विचारधारा को क्यों सही ठहराते हैं, जिन्होंने देश को इतनी कठिन स्थिति में डाल दिया है? यह मेरे लिए हतप्रभ करने वाला है।’’

कर्नाटक में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत में बढ़ोतरी से होटल मालिकों, छोटे विक्रेताओं और दिहाड़ी मजदूरों पर गंभीर असर पड़ेगा।

उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर गरीबों पर ‘‘बोझ डालने’’ का आरोप लगाया।

उन्होंने बेंगलुरु में संवाददाताओं से कहा, ‘‘भाजपा सरकार इस देश के गरीब लोगों के साथ विश्वासघात कर रही है। वे चुनाव खत्म होने का इंतजार कर रहे थे और मतदान के तुरंत बाद उन्होंने हर चीज की कीमतें बढ़ा दीं। आज ऐसी स्थिति बन रही है कि होटल को बंद करना पड़ सकता है।’’

शिवकुमार ने तंज कसते हुए कहा, ‘‘उन्होंने (भाजपा नेताओं ने) ‘फायरवुड भाग्य’ योजना की स्थिति पैदा कर दी है, लेकिन वन विभाग लोगों को घर में लकड़ी लाने की अनुमति नहीं देता है।’’

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) जैसी योजनाओं का प्रचार किया और खुद श्रेय लेते हुए तस्वीरें खिंचाईं। उन्होंने सवाल किया, ‘‘अब अगर कीमतें लगभग 1,000 रुपये बढ़ जाती हैं, तो लोग कैसे गुजारा करेंगे?’’

कर्नाटक के राजस्व मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा ने कहा कि एलपीजी की कीमतों में बढ़ोतरी से सभी क्षेत्रों में आजीविका प्रभावित हुई है।

होटल व्यवसायियों के मुताबिक, बेंगलुरु में वाणिज्यिक सिलेंडर की कीमत हालिया बढ़ोतरी के बाद 2,031 रुपये से बढ़कर 3,153 रुपये हो गई है।

भाषा धीरज सुरेश

सुरेश