हैदराबाद, 29 मार्च (भाषा) तेलंगाना के नारायणपेट जिले में जिला परिषद हाई स्कूल की एक छात्रा का यौन उत्पीड़न के आरोप में एक शिक्षक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
यह घटना मद्दूर मंडल में घटी।
पुलिस ने बताया कि छह अन्य लोगों—दो सरकारी शिक्षकों और स्कूल के प्रधानाध्यापक —को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, इन पर कथित तौर पर सबूतों को छिपाने, घटना का वीडियो साझा करने और पैसे लेकर मामले को रफा-दफा करने की कोशिश करने का आरोप है।
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी एक सरकारी शिक्षक है। उसने कथित तौर पर लड़की के साथ दुर्व्यवहार किया और यह घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक अन्य शिक्षक ने कथित तौर पर फुटेज प्राप्त किया और प्रधानाध्यापक के साथ मिलकर अधिकारियों को सूचित नहीं किया।
इस बीच, पुलिस ने बताया कि चार अन्य लोगों ने कथित तौर पर वीडियो प्रसारित किया और 20 लाख रुपये की मांग करके मामले को सुलझाने का प्रयास किया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें पता चला कि मुख्य आरोपी ने पिछले साल अक्टूबर से नाबालिग का कई बार यौन उत्पीड़न किया था।
पुलिस ने बताया कि पॉक्सो अधिनियम, एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम और आईटी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप