आम आदमी पार्टी पंजाब में 16,000 सभाएं आयोजित करके चार साल का अपना रिपोर्ट कार्ड पेश करेगी

Ads

आम आदमी पार्टी पंजाब में 16,000 सभाएं आयोजित करके चार साल का अपना रिपोर्ट कार्ड पेश करेगी

  •  
  • Publish Date - March 25, 2026 / 06:40 PM IST,
    Updated On - March 25, 2026 / 06:40 PM IST

चंडीगढ़, 25 मार्च (भाषा) आम आदमी पार्टी ने बुधवार को भगवंत मान सरकार के चार साल पूरे होने पर पंजाब में 10 दिवसीय राज्यव्यापी जनसंपर्क अभियान की घोषणा की।

पार्टी की पंजाब इकाई के प्रमुख अमन अरोरा ने कहा कि सरकार का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने पेश करने के लिए राज्य भर में लगभग 16,000 रैलियां, जनसभाएं और नुक्कड़ सभाएं आयोजित की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि मंत्री, विधायक, स्थानीय निकाय प्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता इस अभियान में भाग लेंगे तथा हर गांव और घर तक पहुंचेंगे।

अरोरा ने दावा किया कि सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान पारदर्शी शासन व्यवस्था लागू की है और स्वास्थ्य, शिक्षा व बुनियादी ढांचे में महत्वपूर्ण सुधार किए हैं।

उन्होंने कहा कि 65,000 से अधिक सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं और लगभग 1,000 आम आदमी क्लीनिक स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें से 881 पहले से ही कार्यरत हैं।

भाषा

शुभम रंजन

रंजन