कालापीपल (मप्र), नौ जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक विधायक ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव की मौजूदगी में मंच से यह घोषणा कर दी कि जब तक उनके क्षेत्र की सड़कें नहीं बन जातीं तब तक वह जूते-चप्पल का त्याग करेंगे।
शाजापुर जिले के कालापीपल क्षेत्र से भाजपा विधायक घनश्याम चंद्रवंशी की इस घोषणा के बाद मुख्यमंत्री यादव ने उन्हें अपनी बात और शब्दों पर ध्यान देने की नसीहत देते हुए कहा कि अच्छे व सच्चे काम के लिए जूते-चप्पल छोड़ने की जरूरत नहीं है।
मुख्यमंत्री जिले के कालापीपल स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में 30 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करने पहुंचे थे।
यादव के भाषण से पहले मंच से स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए विधायक चंद्रवंशी ने अपने विधानसभा क्षेत्र की खराब सड़कों का मुद्दा उठाते हुए कहा, ‘‘जब तक मेरी विधानसभा की सड़कें नहीं बनेंगी, तब तक मैं जूते-चप्पल का त्याग करता हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इसमें चाहे 10 साल ही क्यूं ना लग जाएं, लेकिन सड़क बनने तक मैं जूते-चप्पल नहीं पहनूंगा।’’
विधायक की इस टिप्पणी से मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री सहित कई नेता असहज हो गए जबकि कुछ ने तालियां भी बजाईं।
इसी दौरान देखा गया कि मुख्यमंत्री के इशारे पर मंत्री इंदर सिंह परमार अपनी सीट से उठकर चंद्रवंशी के पास पहुंचे और उनसे कुछ कहा, जिसके बाद विधायक ने विषय बदल दिया।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जब मंच संभाला तो उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक भावनाओं में कुछ बोल गए।
उन्होंने कहा, ‘‘हमें जूते छोड़ने की जरूरत नहीं है। हमारे लाडले, भोले-भाले विधायक ने यह बात कही है। हमारे राज्य में पांच लाख किलोमीटर से अधिक सड़कें बनी हैं। हम इतने कमजोर नहीं हैं कि हमें जूते-चप्पल उतारने पड़ें। हमारे जूते-चप्पल हमें दौड़ लगाने और आगे बढ़ने में मदद करते हैं। कांटे भी हों या दुनिया की कोई ताकत, हमारा रास्ता नहीं रोक सकती।’’
यादव ने विधायक से कहा, ‘‘अच्छे काम और सच्चे काम के लिए हमें जूते-चप्पल छोड़ने की जरूरत नहीं है। अपनी बात और शब्दों का ध्यान रखना चाहिए।’’
मुख्यमंत्री ने इस दौरान कांग्रेस पर भी निशाना साधा और कहा कि जूते-चप्पल छोड़ना तो उनका काम है।
उन्होंने कहा, ‘‘उनकी (कांग्रेस) सरकार पिछले 20 साल से नहीं है। एक बार सरकार बनी भी तो सवा साल में चली गई। हम विकास करने वाले लोग हैं।’’
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि अंग्रेज देश से चले गए, लेकिन कांग्रेस को छोड़ गए, जिसने हमेशा राज्यों को आपस में लड़ाने का काम किया।
ज्ञात हो कि साल 2022 में मध्यप्रदेश के तत्कालीन ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने ग्वालियर में सड़कों की मरम्मत नहीं होने से नाराज होकर जूते-चप्पल छोड़कर नंगे पांव चलने की घोषणा की थी। बाद में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के आग्रह पर उन्होंने 66 दिन बाद चप्पल पहनीं।
भाषा सं ब्रजेन्द्र शफीक
शफीक