सिक्किम सुरंग हादसे में मारे गए केरल के भूवैज्ञानिक का शव जल्द से जल्द वापस लाया जाएगा: मुख्यमंत्री
सिक्किम सुरंग हादसे में मारे गए केरल के भूवैज्ञानिक का शव जल्द से जल्द वापस लाया जाएगा: मुख्यमंत्री
तिरुवनंतपुरम, 24 जुलाई (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने शुक्रवार को कहा कि सरकार सिक्किम में 20 जुलाई को एनएचपीसी की जलविद्युत परियोजना की सुरंग ढहने से मारे गए केरल निवासी भूवैज्ञानिक का शव वापस लाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।
इस हादसे में कोट्टायम जिले के पंपाडी निवासी अनीश मोहन समेत 25 लोगों की मौत हो गई है।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने एक बयान में कहा कि बृहस्पतिवार देर रात बरामद किए गए मोहन के शव को जल्द से जल्द केरल लाया जाएगा।
बयान के अनुसार, शव को सिक्किम से सड़क मार्ग के जरिये लाया जा रहा है और उसे शुक्रवार दोपहर तक कोलकाता हवाई अड्डे लाए जाने की संभावना है।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि प्रवासी केरलवासी मामलों के विभाग ‘नोरका’ के हस्तक्षेप से की गई व्यवस्था के तहत हवाई अड्डे पर एक विशेष सचल इकाई में शव को संरक्षित किया जाएगा।
इसके बाद शव को विमान से कोच्चि लाया जाएगा।
बयान में कहा गया कि कोच्चि हवाई अड्डे से मोहन के शव को कोट्टायम स्थित उनके घर ले जाने के लिए एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की जाएगी।
भाषा सिम्मी खारी
खारी

Facebook


