तिरुवनंतपुरम, 28 नवंबर (भाषा) केरल में एक फिल्म निर्माण कंपनी की इस कथित घोषणा के बाद विवाद शुरू हो गया है कि वह अपनी मलयालम फिल्म के निर्माताओं को धमकी मिलने के बाद उसे सिनेमाघरों से उतार रही है।
निर्माण कंपनी की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस नेता वीटी बलराम ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि कुछ फिल्मकार अपनी ‘असफल’ फिल्मों का प्रचार करने के लिए यह दावा कर रहे हैं कि कुछ दर्शकों ने उन्हें ‘धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला’ बताया है तथा उनके प्रदर्शन को रोकने की धमकी दी है।
केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष बलराम ने कहा कि संदेह होना लाजिमी है कि धमकियों के आरोप और फिल्म को अस्थायी तरीके से उतारना जानबूझकर एक ऐसी फिल्म को बचाने का तरीका तो नहीं है जो सिनेमाघरों में फ्लॉप हो सकती थी या पहले ही फ्लॉप हो चुकी है।
बलराम ने कहा कि इस बात पर कोई स्पष्टता नहीं है कि क्या ऐसी कोई शिकायत कभी पुलिस के समक्ष लाई गई है या पुलिस ने इसकी जांच की है। उन्होंने कहा कि फिल्मों के प्रचार के लिए धार्मिक भावनाओं का इस्तेमाल करने का ऐसा प्रयास दर्शकों के साथ घोर अन्याय और खतरनाक प्रवृत्ति है।
इस फिल्म को 22 नवंबर को सिनेमाघरों में प्रदर्शित किया गया था।
भाषा वैभव नरेश
नरेश