चेन्नई, 26 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने राज्य में द्रविड मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेतृत्व वाली सरकार पर केंद्रीय कल्याणकारी योजनाओं का ‘‘अनुचित श्रेय लेने’’ का बृहस्पतिवार को आरोप लगाया और कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी केंद्र सरकार द्वारा वित्त पोषित तथा शुरू की गई परियोजनाओं पर केवल अपना ठप्पा लगा रही है।
यहां राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद नागेंद्रन ने पत्रकारों से कहा कि जल जीवन मिशन के तहत पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं, सड़क अवसंरचना और आवास लागत का 60 प्रतिशत केंद्र सरकार द्वारा वित्त पोषित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘दुकानों पर मुफ्त राशन भी केंद्र सरकार द्वारा ही दिया जाता है, फिर भी राज्य सरकार इन योजनाओं पर सिर्फ अपना ठप्पा लगाकर इसका श्रेय खुद ले लेती हैं। आपको राज्य सरकार से पूछना चाहिए कि वे केंद्र सरकार को इन योगदानों का श्रेय क्यों नहीं दे रही है।’’
ऑल इंडिया अन्नाद्रमुक मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के नेतृत्व वाले राजग गठबंधन में पट्टाली मक्कल काची (पीएमके), तमिल मनिला कांग्रेस और कई अन्य क्षेत्रीय दल शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि गठबंधन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में हुआ था।
मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन पर तीखा हमला बोलते हुए नागेंद्रन ने मौजूदा प्रशासन को जनता की सरकार के बजाय ‘‘परिवार की सत्ता’’ करार दिया।
उन्होंने कानून-व्यवस्था के पूरी तरह से ध्वस्त होने का आरोप लगाया और दावा किया कि राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी बढ़ गई है।
उन्होंने आरोप लगाया, “वे ठीक से डीजीपी (पुलिस महानिदेशक) की नियुक्ति भी नहीं कर सकते। छात्र किताबों की जगह गांजा और चाकू लेकर घूम रहे हैं तथा शिक्षकों को भी डराया-धमकाया जा रहा है जबकि 10 से 70 साल की उम्र की महिलाएं और युवतियां यौन हिंसा का शिकार हो रही हैं।”
भाषा यासिर प्रशांत
प्रशांत