सीबीएसई की 10वीं कक्षा की दूसरी बोर्ड परीक्षाएं 15 से 21 मई तक होंगी

Ads

सीबीएसई की 10वीं कक्षा की दूसरी बोर्ड परीक्षाएं 15 से 21 मई तक होंगी

  •  
  • Publish Date - April 23, 2026 / 01:49 PM IST,
    Updated On - April 23, 2026 / 01:49 PM IST

नयी दिल्ली, 23 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बृहस्पतिवार को 10वीं कक्षा की दूसरी बोर्ड परीक्षा का कार्यक्रम घोषित कर दिया, जो 15 मई से 21 मई तक आयोजित होगी।

सीबीएसई द्वारा जारी ‘डेटशीट’ के अनुसार, परीक्षा की शुरुआत 15 मई को गणित (स्टैंडर्ड और बेसिक) के पर्चे से होगी। इसके बाद 16 मई को अंग्रेजी (कम्युनिकेटिव) और अंग्रेजी (लैंग्वेज एंड लिटरेचर) की परीक्षा होगी।

विज्ञान विषय की परीक्षा 18 मई को आयोजित की जाएगी।

19 मई को भाषा और वैकल्पिक विषयों की परीक्षा निर्धारित की गयी है, जिसमें हिंदी, उर्दू, पंजाबी, बांग्ला, तमिल, तेलुगु, मराठी, गुजराती तथा कई विदेशी भाषाएं शामिल हैं। इसी दिन गृह विज्ञान और कुछ व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं भी होंगी।

20 मई को छात्र संस्कृत, चित्रकारी, सूचना प्रौद्योगिकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता की परीक्षा देंगे। इसके बाद 21 मई को सामाजिक विज्ञान की परीक्षा होगी, जो इस सत्र की अंतिम परीक्षा होगी।

यह ‘डेटशीट’ परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज द्वारा जारी की गई है। इसे सीबीएसई द्वारा 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा के पहले संस्करण का परिणाम घोषित किए जाने के एक सप्ताह बाद जारी किया गया।

सीबीएसई ने 2026 से 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं वर्ष में दो बार आयोजित करना शुरू किया है। फरवरी में हुई पहली परीक्षा अनिवार्य थी, जबकि दूसरी परीक्षा वैकल्पिक है, जो मई में अंकों में सुधार या अनुत्तीर्ण विषयों को पास करने के लिए आयोजित की जाएगी।

सीबीएसई के अनुसार, छात्र दूसरी परीक्षा में अधिकतम तीन विषयों में शामिल हो सकते हैं और अपने सर्वश्रेष्ठ अंक हासिल कर सकते हैं।

भाषा गोला मनीषा

मनीषा