नयी दिल्ली, 14 मई (भाषा) दिल्ली की मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 30 जून से शुरू होगा। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 1.5 करोड़ से अधिक मतदाताओं को शामिल करने वाली इस प्रक्रिया की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
इससे पहले दिन में, निर्वाचन आयोग ने घोषणा की थी कि दिल्ली सहित तीन केंद्र शासित प्रदेशों और 16 राज्यों में 30 मई से चरणबद्ध तरीके से एसआईआर प्रक्रिया शुरू होगी।
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने दिल्ली में एसआईआर की तैयारियां पूरी कर ली हैं, जिसमें प्रशिक्षण भी शामिल है। इसके अलावा, इस कवायद के लिए बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) सहित कर्मियों को 20 जून से गहन प्रशिक्षण दिया जाएगा।’’
उन्होंने बताया कि एसआईआर के पूरा होने के बाद दिल्ली की अंतिम मतदाता सूची सात अक्टूबर को प्रकाशित की जाएगी। उन्होंने बताया कि एसआईआर के तहत घर-घर जाकर सत्यापन करने के अभियान में 13,000 से अधिक बीएलओ भाग लेंगे।
अधिकारी ने बताया कि मतदाताओं को 2002 की मतदाता सूची से अपने नाम का सत्यापन और मिलान करने के बारे में शिक्षित करने के लिए सोमवार से एक जागरूकता अभियान शुरू किया जाएगा।
भाषा
शफीक प्रशांत
प्रशांत