नयी दिल्ली, 21 अगस्त (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के 20 जुलाई को ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान कथित तौर पर जंतर-मंतर पर पैलेट गन के इस्तेमाल के कारण घायल हुए युवक साहिल लोचब ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को मामले में उसके साथ खड़े रहने और प्राथमिकी दर्ज कराने में उसकी मदद करने के लिए धन्यवाद दिया।
साहिल (19) ने उसका साथ देने और उसके ठीक होने की प्रार्थना करने के लिए देशभर के लोगों का भी शुक्रिया अदा किया। उसने कहा कि लोगों की दुआओं की वजह से उनके सामने खड़ा है।
दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के छह घंटे से अधिक समय तक चले धरने के बाद साहिल से जुड़े पैलेट गन मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली।
साहिल ने कहा कि राहुल गांधी ने उससे बृहस्पतिवार को बात की, उसका हालचाल पूछा और प्राथमिकी की स्थिति के बारे में जानकारी ली।
साहिल के मुताबिक, उसने राहुल को बताया कि मामले में अभी तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है, जिसके बाद कांग्रेस नेता ने उसके साथ पुलिस थाने जाने का वादा किया।
साहिल ने कहा, “मेरे लिए यह मिली-जुली भावनाओं वाला पल है, क्योंकि विपक्ष के नेता के पूरे दिन वहां मौजूद रहने के बावजूद दिल्ली पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करने में आठ घंटे लग गए।”
उसने कहा, “खुद पीड़ित होने और शरीर में छर्रे लगे होने के बावजूद पुलिसकर्मी मेरी शिकायत दर्ज नहीं कर रहे थे। मैं 14 अगस्त से ही शिकायत दर्ज कराने के लिए उनके चक्कर लगा रहा था, लेकिन आज जाकर प्राथमिकी दर्ज हुई।”
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 118 (खतरनाक हथियारों या साधनों से जानबूझकर चोट या गंभीर चोट पहुंचाना) और धारा 25 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
साहिल ने कहा, “यह न्याय की दिशा में पहला कदम है।”
साहिल की मां ने कहा कि अगर राहुल गांधी पुलिस थाने नहीं पहुंचे होते, तो प्राथमिकी नहीं दर्ज की गई होती।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “हम शिकायत दर्ज कराने के लिए दर-दर भटक रहे थे; आज आखिरकार यह दर्ज हो गई। विपक्ष के नेता की मौजूदगी के बिना प्राथमिकी दर्ज नहीं हो पाती; प्राथमिकी दर्ज होने से पहले हमें चार पुलिस थानों से लौटा दिया गया था।”
साहिल के साथ राहुल सबसे पहले मंदिर मार्ग थाने पहुंचे और प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। इसके बाद वह प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करते हुए संसद मार्ग स्थित थाने पहुंचे और पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा से मुलाकात की।
मांग नहीं माने जाने पर वह थाना परिसर स्थित पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। प्रियंका गांधी वाद्रा, जयराम रमेश, मुकुल वासनिक, कुमारी सैलजा, सलमान खुर्शीद, अधीर रंजन चौधरी और कई अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी धरने में शामिल हुए। इस दौरान साहिल और उसकी मां भी मौजूद थीं।
भाषा पारुल दिलीप
दिलीप