सरकारी अस्पतालों में दवाइयों की निर्बाध आपूर्ति होगी: केरलम के स्वास्थ्य मंत्री

Ads

सरकारी अस्पतालों में दवाइयों की निर्बाध आपूर्ति होगी: केरलम के स्वास्थ्य मंत्री

  •  
  • Publish Date - September 22, 2026 / 09:49 PM IST,
    Updated On - September 22, 2026 / 09:49 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 22 सितंबर (भाषा) केरलम के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन ने मंगलवार को कहा कि सरकारी अस्पतालों में दवाइयों की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आपूर्ति में तेजी लाने और किल्लत की स्थिति में स्थानीय स्तर पर खरीद की अनुमति देने जैसे कदम उठाए गए हैं।

मुरलीधरन ने कहा कि कंपनियों को दवाइयों की आपूर्ति जल्द से जल्द करने को कहा गया है, जबकि अस्पतालों व स्वास्थ्य संस्थानों के प्रमुखों को निर्देश दिया गया है कि यदि किसी दवा की कमी हो तो वे स्थानीय स्तर पर उसकी खरीद करें।

एक बयान में उन्होंने कहा कि चुनाव और पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण खरीद ऑर्डर जारी करने में हुई देरी से कुछ दवाइयों की आपूर्ति प्रभावित हुई थी।

उन्होंने बताया कि केरल मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (केएमएससीएल) आमतौर पर अप्रैल में खरीद प्रक्रिया पूरी कर मई तक खरीद ऑर्डर जारी कर देता है। हालांकि, विधानसभा चुनावों की आदर्श आचार संहिता के कारण अप्रैल में ऑर्डर नहीं दिए जा सके और नयी सरकार के गठन के बाद ही यह प्रक्रिया पूरी हो सकी।

मंत्री ने कहा कि इस बीच निविदाओं में भाग लेने वाली कई कंपनियों ने पश्चिम एशिया युद्ध के कारण दवा आपूर्ति में असमर्थता जताते हुए अपने नाम वापस ले लिए थे।

उन्होंने बताया कि आवश्यक दवाओं की सूची में शामिल 855 दवाइयों में से 664 के खरीद आदेश दिए जा चुके हैं और 530 दवाइयां राज्य में पहुंच चुकी हैं।

बाकी बची 191 दवाओं के लिए दोबारा निविदा जारी की गई है और सितंबर के अंत तक बड़ी मात्रा में इनकी आपूर्ति होने की उम्मीद है।

भाषा

सुमित वैभव

वैभव

ताजा खबर