अनंतनाग में आतंकवादियों के तीन सहयोगी गिरफ्तार

Ads

अनंतनाग में आतंकवादियों के तीन सहयोगी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - July 8, 2026 / 02:56 PM IST,
    Updated On - July 8, 2026 / 02:56 PM IST

श्रीनगर, आठ जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में अमरनाथ यात्रा के लिए लगाई गई चेहरा मिलान प्रणाली (एफआरएस) की मदद से आतंकवादियों के तीन सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि अनंतनाग पुलिस की ओर से लगाए गए एफआरएस ने सरबल इलाके से गुजर रहे तीन संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में समय रहते अलर्ट जारी किया। उन्होंने कहा कि इससे अमरनाथ यात्रा के लिए तैनात उन्नत निगरानी प्रणाली की प्रभावशीलता साबित होती है।

अधिकारी के मुताबिक, अलर्ट मिलने के बाद पुलिस कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों व्यक्तियों को रोका और उनकी पहचान का सत्यापन किया। उन्होंने बताया कि सत्यापन प्रक्रिया के दौरान तीनों की पहचान आतंकवादियों के सहयोगियों के रूप में हुई।

अधिकारी के अनुसार, एफआरएस से मिली खुफिया जानकारी और उसके आधार पर की गई सत्यापन प्रक्रिया के बाद अनंतगनाग पुलिस ने तीनों व्यक्तियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए तुरंत हिरासत में ले लिया।

भाषा तान्या नरेश पारुल

पारुल