जम्मू, 23 अप्रैल (भाषा) जम्मू प्रशासन ने बृहस्पतिवार को यहां कथित मादक पदार्थ तस्करों के तीन मकानों को ढहा दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों की भारी तैनाती के बीच राजीव नगर इलाके में मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित धन से निर्मित मकानों को ध्वस्त कर दिया।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई क्षेत्र के कुख्यात मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ जारी अभियान का हिस्सा है।
अधिकारी ने यहां पत्रकारों से कहा, “हमने दो से तीन महीने पहले भी यहां इसी तरह का अभियान चलाया था। तब से कुछ और मादक पदार्थ तस्करों की पहचान की गई है जो फरार हैं। मादक पदार्थों के व्यापार से अर्जित धन से निर्मित अवैध ढांचों को आज ढहाया जा रहा है। तीन ढांचे गिराए जा रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “मादक पदार्थों से जुड़ी गतिविधियां हमारे समाज को नुकसान पहुंचा रही हैं और हमारे बच्चों को बर्बाद कर रही हैं। हम अपने युवाओं को खेल और सकारात्मक गतिविधियों में शामिल करना चाहते हैं। यह प्रयास राष्ट्र की प्रगति और विकास में हमारे योगदान का हिस्सा है।”
अधिकारियों ने दोहराया कि प्रशासन क्षेत्र में मादक पदार्थ नेटवर्क और उनकी संपत्तियों के खिलाफ अपनी कार्रवाई जारी रखेगा।
भाषा प्रचेता पवनेश
पवनेश