नोएडा, 12 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा सेक्टर-33 में नवीन ओखला औद्योगिक विकास प्राधिकरण की ओर से बनवाए जा रहे एक मार्केट में रविवार शाम लेंटर डालते समय शटरिंग भर- भराकर गिर गई, जिससे एक महिला समेत तीन मजदूर हो गए।
पुलिस ने बताया कि तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जिनमें से दो की हालत नाजुक बनी हुई है।
सेक्टर-24 थाना प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि सेक्टर-33 में निर्माणाधीन मार्केट के निर्माण का ठेका बबलू नामक ठेकेदार के पास है। उन्होंने बताया कि लेंटर डालने के लिए लगाई गई शटरिंग शाम को भर-भराकर गिर गई, जिससे वहां काम कर रहे तीन मजदूर-संजना देवी (35), प्यारेलाल (40) और शिवलाल (37) घायल हो गए।
कुमार के मुताबिक, घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने घायलों को मलबे से निकाला और अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि पुलिस ठेकेदार बबलू को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
भाषा
सं पारुल
पारुल