फतेहगढ़ साहिब, नौ अगस्त (भाषा) पंजाब के सरहिंद जीटी रोड पर रविवार तड़के एक कार की टक्कर से तीन कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह घटना उस समय हुई जब कांवड़ियों का एक समूह उत्तराखंड के गंगोत्री से गंगाजल लेकर पंजाब के फरीदकोट जिले के कोट कपूरा लौट रहा था।
घायलों को फतेहगढ़ साहिब के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनमें से तीन को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान फरीदकोट जिले के कोट कपूरा निवासी महिंदर पाल उर्फ गगन (43), दीपक कुमार (42) और जगदीश मित्तल उर्फ कालू (40) के रूप में हुई है।
सहायक उपनिरीक्षक तिलक राज ने बताया कि सरहिंद थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मौके से फरार हुए वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
भाषा खारी रंजन
रंजन