जम्मू-कश्मीर में लश्कर ए तैयबा के तीन सहयोगी गिरफ्तार : पुलिस

Ads

जम्मू-कश्मीर में लश्कर ए तैयबा के तीन सहयोगी गिरफ्तार : पुलिस

  •  
  • Publish Date - September 18, 2026 / 02:42 PM IST,
    Updated On - September 18, 2026 / 02:42 PM IST

जम्मू, 18 सितंबर (भाषा) पाकिस्तान से संचालित प्रतिबंधित संगठन लश्कर-ए-तैयबा के तीन सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आतंकियों के तीन सहयोगी कई वर्षों से अपनी गतिविधियां संचालित कर रहे थे और उन्होंने जम्मू क्षेत्र के राजौरी-रियासी से दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले तक कई आतंकी समूहों की आवाजाही में मदद की।

पुलिस ने बताया कि राजौरी के कोट चरवाल निवासी मोहम्मद आजम, ज़ाकिर हुसैन और मोहम्मद मुश्ताक को 14 सितंबर को गिरफ्तार किया गया। इन पर लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े ‘सामरिक सहयोग मॉड्यूल’ को संचालित करने का आरोप है।

पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि मामले की जांच के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी गत कई वर्षों से सक्रिय थे और उन्होंने कथित तौर पर कई आतंकवादी समूहों को पनाह और सामरिक मदद दी थी, साथ ही राजौरी-रियासी जिलों और पीर पंजाल इलाके से होते हुए शोपियां तक ​आतंकवादियों की आवाजाही में मदद की थी।

उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया कि तीनों आरोपियों ने 2023 में रियासी जिले के चसाना में एक मुठभेड़ में मारे गए आतंकवादियों की मदद की थी।

प्रवक्ता ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद उनकी निशानदेही पर गांव से सटे जंगल से एक शक्तिशाली संवर्धित विस्फोटक उपकरण (आईईडी)बरामद किया गया, जबकि बृहस्पतिवार को उनके ठिकाने से एक पिस्तौल, मैगजीन और गोला-बारूद के साथ-साथ चीन निर्मित दो हथगोले ग्रेनेड बरामद किए गए।

भाषा धीरज नरेश

नरेश