कर्नाटक में वन कर्मियों के साथ मुठभेड़ में तीन शिकारी मारे गए

Ads

कर्नाटक में वन कर्मियों के साथ मुठभेड़ में तीन शिकारी मारे गए

  •  
  • Publish Date - August 15, 2026 / 01:17 PM IST,
    Updated On - August 15, 2026 / 01:17 PM IST

चामराजनगर (कर्नाटक), 15 अगस्त (भाषा) कर्नाटक के चामराजनगर जिले के शाग्या रेंज के अंतर्गत दट्टी वन क्षेत्र में वन कर्मियों के साथ हुई मुठभेड़ में तीन कथित शिकारियों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार, यह घटना कावेरी वन्यजीव अभयारण्य के घने जंगल क्षेत्र में हुई, जहां तीनों व्यक्ति कथित तौर पर जंगली जानवरों का शिकार कर उनका मांस अलग कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि वन विभाग के कर्मचारियों ने उन्हें हथियार डालकर आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने कथित तौर पर वन कर्मियों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद वन कर्मियों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीनों की मौत हो गई।

मृतक हनूर तालुक के थोमियारपल्या गांव के निवासी बताए गए हैं।

सूत्रों ने बताया कि शवों को मैसूर के एक अस्पताल के शवगृह में ले जाया गया, जहां उनके परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया।

मुठभेड़ के बाद मृतकों के परिजनों ने हनूर तालुक स्थित शाग्या वन कार्यालय में कथित तौर पर तोड़फोड़ की। इस दौरान कार्यालय के फर्नीचर, उपकरण, एक मोटरसाइकिल और कार्यालय के बोर्ड को नुकसान पहुंचाया गया।

सूत्रों ने बताया, ‘‘मुठभेड़ के बाद परिजनों ने गुस्से में वन विभाग के कार्यालय और उसके सामान को नुकसान पहुंचाया। फर्नीचर और अन्य वस्तुओं को सड़क पर फेंक दिया गया।’’

घटना के बाद की स्थिति पर पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है।

भाषा गोला रंजन

रंजन