रामगढ़ में 307 लाख रुपये की तीन पर्यटन परियोजनाएं पूरी : उमर अब्दुल्ला

रामगढ़ में 307 लाख रुपये की तीन पर्यटन परियोजनाएं पूरी : उमर अब्दुल्ला

रामगढ़ में 307 लाख रुपये की तीन पर्यटन परियोजनाएं पूरी : उमर अब्दुल्ला
Modified Date: February 20, 2026 / 06:59 pm IST
Published Date: February 20, 2026 6:59 pm IST

(तस्वीरों के साथ)

जम्मू, 20 फरवरी (भाषा) जम्मू और कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को बताया कि केंद्र शासित प्रदेश के रामगढ़ निर्वाचन क्षेत्र में पूंजीगत व्यय बजट के तहत 307.12 लाख रुपये की लागत से तीन पर्यटन परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं और एक अन्य परियोजना का कार्यान्वयन जारी है।

अब्दुल्ला रामगढ़ विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक देवेंद्र कुमार मन्याल के एक प्रश्न का उत्तर दे रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2026-27 के लिए पर्यटन विकास योजना अब तक तैयार नहीं की गई है। हालांकि, रामगढ़ निर्वाचन क्षेत्र के लिए 2026-27 में नयी परियोजनाओं पर विचार किया जाएगा, बशर्ते वे स्थापित पर्यटन मानदंडों के अनुसार व्यवहार्य हों, धन की उपलब्धता हो और आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त हों।

पर्यटन विभाग की भी जिम्मेदारी संभाल रहे अब्दुल्ला ने एक अन्य प्रश्न का उत्तर देते हुए बताया कि सांबा जिले के सिद्ध गोरिया मंदिर के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए पूंजीगत व्यय बजट के तहत 123.41 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे और यह परियोजना अब पूरी हो गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा चमलियाल मंदिर के विकास के लिए पूंजीगत व्यय बजट के तहत 100 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे और यह परियोजना भी पूरी हो चुकी है।

उन्होंने गंगा माता मंदिर, बानू मंदिर और राम मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों के संबंध में कहा कि व्यवहार्यता, धन की उपलब्धता और आवश्यक अनुमोदन होने पर भविष्य में उनके विकास पर विचार किया जाएगा।

भाषा धीरज अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में