राजस्थान के कुछ हिस्सों में आंधी-बारिश की संभावना

Ads

राजस्थान के कुछ हिस्सों में आंधी-बारिश की संभावना

  •  
  • Publish Date - March 13, 2026 / 01:46 PM IST,
    Updated On - March 13, 2026 / 01:46 PM IST

जयपुर, 13 मार्च (भाषा) मौसम में बदलाव से राजस्थान के कुछ हिस्सों में शनिवार से आंधी चलने व हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है जिससे आगामी एक- दो दिन आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं तथा तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।

वहीं 14-15 मार्च को अजमेर, जयपुर, भरतपुर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के जिले, गंगानगर, हनुमानगढ़ जिलों व आसपास के क्षेत्र में कहीं-कहीं हल्की आंधी-बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है।

इसी तरह एक और नए पश्चिमी विक्षोभ के 19-21 मार्च के दौरान सक्रिय होने तथा कहीं-कहीं आंधी-बारिश होने का अनुमान है।

शुक्रवार सुबह तक के चौबीस घंटों के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा और अधिकतम तापमान कोटा में 39.8 डिग्री व बाड़मेर में 39.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

भाषा पृथ्वी शोभना

शोभना