टिकट निरीक्षक को अधिकतम पांच एसी डिब्बे या तीन स्लीपर डिब्बे की जिम्मेदारी: वैष्णव
टिकट निरीक्षक को अधिकतम पांच एसी डिब्बे या तीन स्लीपर डिब्बे की जिम्मेदारी: वैष्णव
नयी दिल्ली, 29 जुलाई (भाषा) रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को लोकसभा को बताया कि एक टिकट निरीक्षक को ट्रेन के अधिक से अधिक पांच वातानुकूलित (एसी) डिब्बे या तीन ‘चेयर कार’ या ‘स्लीपर’ डिब्बों में यात्रियों के टिकट की जांच करने की जिम्मेदारी सौंपी जाती है।
उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे अपने कर्मियों का बेहतर इस्तेमाल करने के उद्देश्य से यात्रा टिकट निरीक्षक (टीटीई) को ट्रेन और स्टेशन पर तैनात करती है।
नांदेड़ के कांग्रेस सांसद रवींद्र वसंतराव चव्हाण ने टीटीई पर काम के बोझ का मुद्दा उठाते हुए पूछा था कि क्या मौजूदा व्यवस्था के तहत उत्तर रेलवे की ट्रेनों में अतिरिक्त टीटीई यात्रा करते हैं, खासकर दिल्ली के सराय रोहिल्ला और जम्मू कश्मीर के उधमपुर के बीच परिचालित होने वाली ट्रेन संख्या 22401/22402 में।
वैष्णव ने कहा कि नये दिशानिर्देश के मुताबिक, अधिक से अधिक पांच एसी डिब्बे या तीन ‘चेयर कार’ या ‘स्लीपर’ डिब्बे के लिए एक टीटीई तैनात किया जाता है।
रेल मंत्री ने कहा, ‘‘किसी ट्रेन में कितने टीटीई तैनात किए जाएंगे, यह इस बात पर निर्भर करता है कि उसमें कितने और किस तरह के डिब्बे हैं। इससे मौजूदा कर्मियों का उपयुक्त इस्तेमाल हो पाता है तथा टिकट-जांच के साथ ही यात्रियों की मदद भी ठीक से हो पाती है।’’
उन्होंने कहा कि ‘जोनल’ रेलवे को समय-समय पर कर्मियों के बेहतर इस्तेमाल के उपाय अपनाने के लिए प्रशासनिक दिशानिर्देश जारी किये गए हैं।
भाषा
सुभाष अविनाश
अविनाश

Facebook


