गांधीनगर, 29 अप्रैल (भाषा) गुजरात के कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक डॉ. के एल एन राव ने बुधवार को कहा कि गिर सोमनाथ, देवभूमि द्वारका और डांग जिलों में पर्यटकों की सुविधा के लिए विशेष थाने स्थापित किए जाएंगे।
वह पुलिस महानिरीक्षक (प्रशासन) और इन जिलों के पुलिस अधीक्षकों की एक उच्च स्तरीय बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा, ‘‘ गुजरात आने वाले पर्यटकों की सहायता के लिए, गिर सोमनाथ, देवभूमि द्वारका और डांग जिलों में तीन पर्यटक थाने चालू किए जाएंगे।’’
उन्होंने कहा कि सहायता डेस्क और एक मोबाइल एप्लिकेशन भी शुरू किए जाएंगे।
राव ने कहा,‘‘सहायता डेस्क और मोबाइल एप्लिकेशन की मदद से पर्यटक जिलों में घूमने लायक महत्वपूर्ण स्थानों के बारे में जान सकते हैं। उन्हें यह भी पता चल सकता है कि वे पुलिस, वन विभाग और रेलवे विभाग से मदद कैसे लें।’’
भाषा
राजकुमार माधव
माधव