मध्य दिल्ली में यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे; पुलिस ने परामर्श जारी किया
मध्य दिल्ली में यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे; पुलिस ने परामर्श जारी किया
नयी दिल्ली, 18 मार्च (भाषा) दिल्ली यातायात पुलिस ने आधिकारिक कारणों से मध्य दिल्ली के कुछ हिस्सों में बुधवार को यातायात प्रतिबंधों और मार्ग परिवर्तन की घोषणा करते हुए एक परामर्श जारी किया।
परामर्श के अनुसार, डब्ल्यू पॉइंट, आईटीओ चौक पर ए पॉइंट, आईपी मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग, डीडीयू मार्ग, टैगोर रोड, विष्णु दिगंबर मार्ग, मीरदर्द रोड, मीरदर्द रेड लाइट, रणजीत सिंह मार्ग, रणजीत सिंह फ्लाईओवर, जांगीर रोड और प्रेस रोड सहित कई प्रमुख स्थानों के आसपास सड़कों के दोनों ओर और सर्विस रोड पर शाम चार बजे से रात नौ बजे के बीच यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे।
यात्रियों को निर्धारित समय के दौरान इन मार्गों से बचने और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए वैकल्पिक सड़कों का उपयोग करने की सलाह दी गई है। पुलिस ने जनता से अंतिम समय में होने वाली देरी से बचने के लिए अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने का आग्रह किया है।
नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को डीडीयू मार्ग से ना जाने की सलाह दी गई है। इसके बजाय, उन्हें कोटला कट-मिरदर्द चौक मार्ग या दिल्ली गेट-कमला मार्केट गोलचक्कर मार्ग का उपयोग करने का परामर्श दिया गया।
वाहन खड़ा करने की अनुमति केवल निर्धारित क्षेत्रों में ही होगी और बताए गए प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी वाहन को खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी।
परामर्श में कहा गया है कि निर्देशों का उल्लंघन करते हुए खड़ी की गई गाड़ियों को उठा लिया जाएगा और कानून के अनुसार उन पर मुकदमा चलाया जाएगा।
भाषा यासिर नरेश
नरेश

Facebook


