ड्यूटी पर तैनात यातायात उपनिरीक्षक की मौत : लू लगने से मृत्यु की आशंका

Ads

ड्यूटी पर तैनात यातायात उपनिरीक्षक की मौत : लू लगने से मृत्यु की आशंका

  •  
  • Publish Date - June 19, 2023 / 12:42 AM IST,
    Updated On - June 19, 2023 / 12:42 AM IST

अयोध्या (उप्र), 18 जून (भाषा) अयोध्या के हनुमानगढ़ी मंदिर में ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिस के एक उप निरीक्षक की रविवार दोपहर कथित रूप से लू लगने से मौत हो गई।

क्षेत्राधिकारी (यातायात) प्रमोद यादव ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘ हनुमानगढ़ी मंदिर में ड्यूटी पर तैनात यातायात उपनिरीक्षक विनोद सोनकर (40) आज दोपहर अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। उन्हें तत्काल अयोध्या जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि लू लगने से सोनकर की मृत्यु हो गई।

यह पूछे जाने पर कि ऐसे मौसम में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी, खासकर यातायात पुलिसकर्मी, अपनी ड्यूटी कैसे कर रहे हैं, उन्होंने कहा, ‘किसी तरह हम काम कर रहे हैं।’

अयोध्या के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अजय राजा ने कहा, ‘पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

यह पूछे जाने पर कि क्या पुलिसकर्मी की मौत लू लगने से हुई है, राजा ने कहा, ‘अगर आप अयोध्या का एक चक्कर लगाते हैं, तो सैकड़ों मजदूर चौबीसों घंटे सड़कों पर काम करते मिल जाएंगे। अगर ‘हीट स्ट्रोक’ होता, तो ऐसे कई मामले होते।’

उन्होंने कहा, ‘अब तक हमें ‘हीट स्ट्रोक’ के केवल एक या दो मामले मिले हैं, और वे भी हल्के मामले हैं।’

भाषा सं सलीम नोमान

नोमान