हरदोई। रेलवे की बड़ी चूक से लखनऊ से बरेली वाया दिल्ली रूट के अप लाइन पर रेल पटरी पर काम कर रहे 4 गैंगमैन की अकालतख्त एक्सप्रेस ट्रेन 12317 से कटकर मौत हो गई। इससे गुस्साए परिजनों ने रेलवे प्रशासन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। उन्होंने उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर करीब 12 बजकर 5 मिनट पर सण्डीला से हरदोई की ओर एक्सप्रेस ट्रेन पूरी रफ्तार से जा रही थी। इस दौरान स्टेशन से पांच किमी दूर हरदोई की तरफ 1125/13 खंभा नंबर के पास गैंगमैन कौशल, राजेश कुमार गौतम, राजेंद्र और रामस्वरूप काम कर रहे थे। ये चारों गैंगमैन ट्रेन की चपेट में आ गए। इससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें : महिला सिपाही की मौत के बाद पुलिसिया हिंसा, बिहार में 175 पुलिसकर्मी बर्खास्त, 23 सस्पेंड
हादसा देखकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण भागकर घटनास्थल पर पहुंचे। उधर मृतकों के परिजनों का कहना है कि वरिष्ठ अधिकारियों की लापरवाही से ये हादसा हुआ। नाराज लोगों ने डीआरएम को मौके पर आने की मांग की और शव नहीं उठने दिया। इसे देखते हुए पुलिस अधिकारी भारी फोर्स के साथ लोगों को समझाने में जुटे रहे।
वेब डेस्क, IBC24