त्रिपुरा में आदिवासी परिषद के चुनाव 13 अप्रैल को होंगे: राज्य निर्वाचन आयोग

Ads

त्रिपुरा में आदिवासी परिषद के चुनाव 13 अप्रैल को होंगे: राज्य निर्वाचन आयोग

  •  
  • Publish Date - March 17, 2026 / 10:08 PM IST,
    Updated On - March 17, 2026 / 10:08 PM IST

अगरतला, 17 मार्च (भाषा) राज्य निर्वाचन आयुक्त (एसईसी) ने मंगलवार को घोषणा की कि त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद (टीटीएएडीसी) के चुनाव 13 अप्रैल को कराए जाएंगे।

राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि टीटीएएडीसी की 28 सीट के लिए मतदान 13 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 17 अप्रैल को होगी।

उन्होंने कहा कि चुनाव की अधिसूचना 18 मार्च को जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 25 मार्च, नामांकन की जांच 26 मार्च और नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 28 मार्च तय की गई है।

कुमार ने बताया कि चुनाव वाले क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है और सभी राजनीतिक दलों से इसका पालन करने की अपील की गई है, ताकि स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित हो सकें।

जनजातीय परिषद का वर्तमान कार्यकाल 18 अप्रैल को समाप्त होने वाला है। परिषद में सत्तारूढ़ टिपरा मोथा पार्टी के 19 सदस्य हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नौ सदस्य हैं और दो सदस्यों को राज्यपाल द्वारा मनोनीत किया गया है।

कुमार ने कहा कि चुनाव के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और शांतिपूर्ण मतदान के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया जाएगा।

पुलिस महानिदेशक अनुराग ने बताया कि 1,257 मतदान केंद्रों को सुरक्षा के आधार पर श्रेणियों में बांटा गया है, जिनमें 311 अत्यधिक संवेदनशील, 693 संवेदनशील और 253 सामान्य श्रेणी में हैं।

भाषा राखी खारी

खारी